उज्जैन जिले में एक महिला को अर्धनग्न कर गांवभर में घुमाने का मामला सामने आया है। आरोप उसके ससुरालवालों पर है। घटना उज्जैन जिले के अरनिया वेणा गांव में 30 जून की है। झारड़ा थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के ग्राम अरनिया वेणा में एक विवाहिता के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। जमीन में हिस्सेदारी की मांग से नाराज ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के बाल काट दिए, उसके कपड़े फाड़कर अर्धनग्न कर दिया और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला। इस दौरान महिला के पति को भी कथित रूप से गांव में घुमाया गया। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं सहित 11 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार घटना 30 जून की सुबह करीब 9 से 9:30 बजे की है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह अपने घर के कमरे में थी, तभी आरोपी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल अपने अन्य साथियों के साथ जबरन दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने महिला के बाल और हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए बाहर निकाला, जहां पहले से अन्य लोग मौजूद थे। पति के साथ भी की गई मारपीट पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने तीन महिलाओं की मौजूदगी में उसके सिर के बाल काट दिए, कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसके और उसके पति के साथ मारपीट की गई तथा दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट में महिला की आंख, गाल, सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि उसके पति के चेहरे, सीने और पेट पर भी चोटें आईं। जमीन में हिस्सेदारी मांग रही थी महिला पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता का पहला विवाह ग्राम अरनिया वेणा में हुआ था। बाद में गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया। वर्ष 2023 में वह अपने पहले पति को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई और दोनों ने विवाह कर लिया। इसके बाद वे इंदौर में रहने लगे। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद महिला अपने नए ससुराल की जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रही थी। इसी सिलसिले में वह तीन दिन पहले अरनिया वेणा स्थित ससुराल पहुंची थी, जहां विवाद के बाद यह घटना हुई। झारड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
