सिंगरौली जिले के बैढ़न में एक युवती और उसके पूर्व व वर्तमान बॉयफ्रेंड के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह हुई इस घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बैढ़न स्थित विशाल मेगा मार्ट के बाहर हुई। युवती अपने वर्तमान बॉयफ्रेंड के साथ खरीदारी करने पहुंची थी, तभी उसका पूर्व बॉयफ्रेंड भी वहां आ गया। बताया जा रहा है कि पूर्व बॉयफ्रेंड ने दोनों को साथ देखकर आपत्ति जताई और टिप्पणी की, जिसके बाद उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान युवती और दोनों युवकों ने एक-दूसरे पर चप्पल, जूते, लात-घूंसों और मुक्कों से हमला किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद बैढ़न पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाने में नहीं हुई शिकायत बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत नहीं दी है। उन्होंने पुष्टि की कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और उसकी जांच की जा रही है। परिहार ने कहा कि यदि कोई पक्ष शिकायत दर्ज कराता है तो तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
