हरियाणा में फतेहाबाद पुलिस ने एक यूट्यूबर और उसकी गर्लफ्रेंड को नशा तस्करी में अरेस्ट किया है। आरोपी यूट्यूबर की गाड़ी से करीब 70 लाख रुपए की नशीली सामग्री बरामद हुई है। दोनों मध्य प्रदेश से लाकर फतेहाबाद और सिरसा में इसे सप्लाई करते थे। पुलिस चेकिंग से बचने के लिए आरोपियों ने गाड़ी के फ्रंट शीशे पर न्यूज पेपर का स्टीकर भी लगाया हुआ था। इसके साथ ही आरोपी यूट्यूबर अपनी सोशल मीडिया प्रेजेंस से आसानी से लोगों के संपर्क में आ जाता था। पुलिस ने कार सहित नशीली सामग्री को भी कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के ईश्वर लाल के रूप में हुई है। ईश्वर लाल के पास से चार ID कार्ड भी बरामद हुए, चारों पर अलग-अलग फोटो लगे हैं। अब सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा मामला… आरोपी से 4 ID कार्ड मिले, सभी पर अलग फोटो पुलिस को आरोपी के पास से चार आईडी कार्ड भी बरामद हुए हैं। इन सभी आईडी कार्ड पर अलग-अलग फोटो लगे हुए हैं। वहीं सभी पर आरोपी ईश्वर लाल का ही नाम लिखा है। आरोपी ईश्वर लाल पाटीदार का एक यूटयूब चैनल भी है। इस चैनल के 12.3K फोलोअर्स हैं। आरोपी चैनल पर पॉलिटिकल, सामाजिक मुद्दों से जुड़े कंटेंट डालता है। सदर थाने में केस दर्ज हुआ आरोपियों के खिलाफ फतेहाबाद थाना सदर केस दर्ज किया गया है। एएसपी दिव्यांशी का कहना है कि मुख्य आरोपी ईश्वर लाल के खिलाफ पहले भी पंजाब के भटिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर नशा तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।
