दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 12 बकरियों की मौत हो गई। यह हादसा पोड़ी खेरमाता मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पशुपालक हल्लू धनगर अपनी बकरियों को चराने गया था। शाम को अचानक तेज बारिश शुरू होने पर वह बकरियों के साथ एक पेड़ के नीचे रुक गया। इसी बीच अचानक पेड़ पर कड़कड़ाती हुई बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सभी 12 बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाल-बाल बचा पशुपालक, 3 लाख का नुकसान इस हादसे में अच्छी बात यह रही कि हल्लू धनगर बिजली गिरने से ठीक पहले पेड़ से हटकर थोड़ा दूर हो गया था, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, बकरियों की मौत से गरीब पशुपालक को करीब 3 लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह और जनपद सदस्य प्रतिनिधि इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरकारी अफसरों को इसकी जानकारी देकर पीड़ित परिवार को आपदा राहत फंड से मुआवजा दिलाने की मांग की है। जबेरा में बिजली गिरने से एक युवक की भी गई जान शनिवार शाम को दमोह जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दमोह शहर में जहां करीब 10 मिनट तक पानी गिरकर रुक गया, वहीं जबेरा ब्लॉक में बारिश आफत बनकर बरसी। इसी इलाके के माला मानगढ़ गांव में भी बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। जबेरा ब्लॉक में बिजली गिरने की यह दूसरी बड़ी घटना रही।
