कोतवाली क्षेत्र की सिद्धार्थ कॉलोनी में बुधवार रात जमीन विवाद को लेकर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रात करीब 8:15 बजे कार में सवार आनंद यादव सिमरा अपने साथियों रोहित यादव, विशाल कुशवाहा और राजा खान के साथ कॉलोनी में मौजूद था। इसी दौरान स्कार्पियो से पहुंचे अमित तिवारी, उसके भाई गोलू तिवारी और अन्य साथियों ने कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। फायरिंग में कार की पिछली सीट पर बैठे विशाल कुशवाहा के सिर और सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आनंद, रोहित और राजा खान ने सीटों के बीच छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आनंद यादव और भू-माफिया अमित तिवारी के बीच चिरुला क्षेत्र की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने अमित तिवारी समेत छह आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर 4 को गिरफ्तार कर लिया है। फायरिंग में विशाल को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उसका दोस्त रोहित उसे उसी कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। इससे पहले फायरिंग में शामिल बताए जा रहे गोलू तिवारी भी पैर में गोली लगने की बात कहकर अस्पताल पहुंच गया। 15 दिन पहले घर पर फायरिंग
पुलिस के अनुसार, अमित का आनंद और उसके भाई विवेक से जमीन को लेकर तनाव था। करीब 15 दिन पहले विवेक और उसके साथियों पर अमित के घर पर फायरिंग करने का आरोप लगा था। पुलिस का मानना है इसी रंजिश के चलते अमित और उसके साथी आनंद की तलाश में थे। बुधवार रात फायरिंग में आनंद बच गया, लेकिन विशाल की गोली लगने से मौत हो गई। चार आरोपी गिरफ्तार किए
कल रात आनंद सिमरा की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। जिसमें विशाल कुशवाहा की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने छह लोगों पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से चार को पुलिस ने पकड़ लिया है। एक 315 बोर की रायफल भी बरामद हुई है। -धीरेंद्र मिश्रा, टीआई कोतवाली
