Homeमध्यप्रदेशमहाकाल मंदिर के गर्भगृह में डिजिटल क्रिएटर ने किए दर्शन:तस्वीरें सोशल मीडिया...

महाकाल मंदिर के गर्भगृह में डिजिटल क्रिएटर ने किए दर्शन:तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं; भाजपा सांसद बोले- VIP कल्चर हावी, सब यहीं भुगतना पड़ेगा

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में गर्भगृह प्रवेश को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के गर्भगृह में जाकर दर्शन करने और फोटो खिंचवाने की तस्वीरें सामने आने के बाद श्रद्धालु मंदिर समिति के कामकाज और आम भक्तों के साथ हो रहे भेदभाव पर सवाल उठा रहे हैं। तस्वीरें 15 जून की बताई जा रही हैं। उस दिन सोमवती अमावस्या होने के कारण महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान दिल्ली निवासी अक्षय आनंद ने अपने फेसबुक और सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में वह अपनी पत्नी और मित्रों के साथ महाकाल मंदिर के गर्भगृह में दर्शन करते नजर आ रहे हैं। अक्षय धोती-सोला पहनकर गर्भगृह में पहुंचे थे और वहां फोटो भी खिंचवाई। जबकि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी प्रतिबंधित है। तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह बंद है तो कुछ लोगों को वहां प्रवेश कैसे मिल गया। लोगों ने इसे वीआईपी कल्चर और दोहरी व्यवस्था बताया। सोशल मीडिया खंगालने पर सामने आई जानकारी अक्षय आनंद के सोशल मीडिया अकाउंट देखने पर पता चला कि वह डिजिटल क्रिएटर हैं। उनके कई सेलेब्रिटीज के साथ भी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद हैं। मामले में महाकाल मंदिर के प्रशासक ने सफाई देते हुए कहा कि अक्षय आनंद सहित अन्य लोग हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ आए थे। इसी कारण उन्हें गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति दी गई थी। सांसद अनिल फिरोजिया ने जताई नाराजगी मामले पर उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में वीआईपी कल्चर हावी हो गया है और वे इसके घोर विरोधी हैं। फिरोजिया ने कहा, “मैं आज भी आम श्रद्धालुओं के साथ लाइन में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन करता हूं। मेरी माताजी भी पिछले 60 साल से महाकाल दर्शन करने जाती हैं और वे भी सामान्य श्रद्धालुओं की तरह ही दर्शन करती हैं।” उन्होंने कहा कि भगवान के लिए कोई राजा या रंक नहीं होता। सांसद ने अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अंत में सबको महाकाल की शरण में ही जाना है और किए गए कर्मों का फल यहीं भुगतना पड़ता है। आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह खोलने की मांग सांसद फिरोजिया ने मांग की कि प्रतिदिन कम से कम दो घंटे के लिए गर्भगृह आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाना चाहिए ताकि भक्त भगवान महाकाल का जलाभिषेक और पूजन कर सकें। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी अनुरोध कर चुके हैं। उनका कहना है कि जिस दिन गर्भगृह आम श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा, वे भी सामान्य भक्त की तरह लाइन में लगकर जलाभिषेक करेंगे। गर्भगृह में प्रवेश का अधिकार कलेक्टर के पास महाकाल मंदिर के गर्भगृह प्रवेश को लेकर पहले हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह अधिकार जिला कलेक्टर को दिया था कि वे तय करेंगे कि किन लोगों को गर्भगृह में प्रवेश दिया जा सकता है। बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां भी यही व्यवस्था बरकरार रखी गई। करीब तीन साल से बंद है गर्भगृह महाकाल मंदिर का गर्भगृह 4 जुलाई 2023 को श्रावण मास में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए आम श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया था। उस समय मंदिर समिति ने कहा था कि श्रावण समाप्त होने के बाद गर्भगृह फिर से खोल दिया जाएगा। हालांकि लगभग तीन साल बीत जाने के बाद भी गर्भगृह आम भक्तों के लिए नहीं खोला गया है। अक्टूबर 2022 में महाकाल लोक बनने के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई। पहले जहां रोजाना 20 से 30 हजार श्रद्धालु आते थे, वहीं अब यह संख्या डेढ़ से दो लाख तक पहुंच गई है। पहले 1500 रुपए में मिलता था गर्भगृह प्रवेश 4 जुलाई 2023 से पहले श्रद्धालु 1500 रुपए की रसीद कटवाकर गर्भगृह में प्रवेश कर जलाभिषेक और पूजन कर सकते थे। वर्तमान में श्रद्धालुओं को गणेश मंडपम, कार्तिकेय मंडपम और नंदी हॉल से दर्शन कराए जा रहे हैं, लेकिन गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इसी व्यवस्था के विरोध में सांसद अनिल फिरोजिया पहले भी आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह खोलने की मांग उठा चुके हैं। अब वायरल तस्वीरों के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ये खबर भी पढ़ें… महाकाल मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसा विधायक का बेटा उज्जैन के महाकाल मंदिर के गर्भगृह में इंदौर-3 के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष जबरन घुस गया। इस दौरान मंदिर कर्मचारी आशीष दुबे ने उसे रोकने की कोशिश की, तो रुद्राक्ष ने उसे धमकाया।इस दौरान विधायक गोलू शुक्ला भी मौजूद थे। पूरी खबर पढ़ें…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here