बदनावर नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे दो सांडों के बीच छिड़ी जंग से हड़कंप मच गया। लगभग आधे घंटे तक चली इस लड़ाई के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांडों के इस उपद्रव में एक किराना दुकान का शटर और दुकान के बाहर खड़ी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों सांड बस स्टैंड परिसर में अचानक आपस में भिड़ गए थे। लड़ते-लड़ते वे ऋषभ किराना दुकान तक आ पहुंचे और सीधे दुकान के शटर से जा टकराए, जिससे शटर टूट गया। सांडों को अपनी ओर आता देख आसपास मौजूद ग्राहकों और राहगीरों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाल-बाल बचा बड़ा नुकसान दुकान संचालक जितेंद्र मोदी ने बताया कि सांडों की इस लड़ाई की चपेट में आने से उनकी दुकान के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी टूट-फूट गई। गनीमत यह रही कि सांड दुकान के ज्यादा अंदर तक नहीं घुसे, वरना बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता था और कोई जनहानि भी हो सकती थी। आवारा पशुओं से व्यापारी और जनता परेशान स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से लोग इससे परेशान हैं। यहां दिनभर सांड और अन्य मवेशी बीच सड़क पर घूमते रहते हैं जो अक्सर आपस में लड़ने लगते हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन आवारा पशुओं को यहां से हटवाया जाए क्योंकि इनसे हर वक्त जान-माल का खतरा बना रहता है।
