Homeदेशपंजाब निकाय चुनाव में 61.5% वोटिंग:कई जगह हिंसक झड़प, पुलिस-भीड़ के बीच...

पंजाब निकाय चुनाव में 61.5% वोटिंग:कई जगह हिंसक झड़प, पुलिस-भीड़ के बीच पथराव, लाठीचार्ज; मतदान खत्म होने से पहले ही सेंटर बंद किया

पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए मंगलवार को वोटिंग हुई। सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चली। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक 5 बजे तक 61.5%% वोटिंग हुई। हालांकि अभी आंकड़े में बदलाव हो सकता है। वोटिंग EVM की जगह बैलेट पेपर से हुई। अब 29 मई को रिजल्ट आएंगे। वोटिंग के दौरान कई जगह हिंसक झड़पें हुईं। पटियाला के समाना में पुलिस-भीड़ में पथराव हो गया। पुलिस ने भी भीड़ पर पत्थर मारकर लाठीचार्ज किया। हवाई फायरिंग की भी खबर है। इस दौरान एक युवक को करंट भी लग गया। इसके साथ वोटिंग खत्म होने से पहले समाना बुड्ढा दल पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्र का गेट बंद कर दिया गया। लुधियाना के रायकोट में कांग्रेस कैंडिडेट के हाथ-पैर तोड़ दिए गए। बठिंडा में हवाई फायरिंग की गई। अकाली दल ने भुच्चो मंडी के वार्ड नंबर-2 के बैलेट बॉक्स को पुलिस की गाड़ी में ले जाने के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर अकाली समर्थकों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ की। लुधियाना में AAP विधायक सर्वजीत कौर माणुके से बहस करने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर हमला हुआ। खन्ना, बरनाला और संगरूर से भी टकराव सामने आया। इसी बीच संगरूर में पुलिस ने CM भगवंत मान के पूर्व OSD ओंकार सिंह बराड़ को हिरासत में ले लिया। वह कुछ समय पहले ही AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए थे। उम्मीदवार से मारपीट के बाद मिलने जा रहे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू को पुलिस ने धूरी में रोक लिया। वोटिंग के दौरान अबोहर में NSUI की नेमप्लेट वाली HR नंबर गाड़ी में घूमते 4 युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फरीदकोट में AAP विधायक गुरदित्त सेखों ने आरोप लगाया कि भाजपा वोटरों को लाने के लिए आर्मी की स्कूल बस का इस्तेमाल कर रही है। इसको लेकर वहां हंगामा हुआ। चुनाव को लेकर पूरी सख्ती बरती गई है। अब PHOTOS में देखें झड़प… 1. रायकोट में कांग्रेस उम्मीदवार पर हमला रायकोट में नगर कौंसिल चुनाव के बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल जग्गा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। 2. खन्ना में AAP-कांग्रेस समर्थकों में बहस खन्ना में नगर कौंसिल चुनाव के वार्ड नंबर 15 में मतदान शुरू होते ही कांग्रेस और AAP के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। वोटिंग शुरू होते ही समर्थक भिड़ने लगे। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत रहने की सख्त हिदायत दी, ताकि मतदान प्रक्रिया बाधित न हो। 3. बरनाला में BJP उम्मीदवार के पति पर हमला बरनाला में भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह पर हमला हो गया। जसवीर ने बताया कि वे वार्ड नंबर 15 से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। सुबह से ही AAP से जुड़े कुछ बाहरी लोग वार्ड में घूम रहे थे, जिसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ये लोग फर्जी वोट डाल रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन पर हमला कर दिया। उनकी पगड़ी उतार दी गई। सिर पर तेजधार हथियार से वार किया। 4. अबोहर में HR नंबर कार पर घूमते 4 युवक पकड़े अबोहर में निगम चुनाव के लिए वोटिंग के वक्त HR नंबर की कार में घूम रहे 4 युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनकी गाड़ी भी जब्त कर ली। गाड़ी का नंबर HR 12 Y 3683 था। जिस पर आगे NSUI हनुमानगढ़ की नेमप्लेट लगी हुई थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ करने पर युवक वहां घूमने के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले ली। 5. मोगा में मतदान दौरान भिड़े कांग्रेस-AAP समर्थक मोगा के वार्ड-41 में कांग्रेस और AAP के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। बूथ के बाहर खड़े होने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने बूथ के आसपास मौजूद लोगों और समर्थकों को वहां से हटा दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। 6. फरीदकोट में AAP व भाजपा नेता आमने-सामने फरीदकोट में AAP के कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं के बीच झड़प हो गई। AAP विधायक गुरदित सिंह सेखों ने भाजपा नेता सन्नी बराड़ पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर घेर लिया। सेखों ने कहा किअनुचित लाभ उठाने के लिए सेना की मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे थे। मतदाताओं को अवैध रूप से पोलिंग बूथ तक पहुंचाने के लिए एक आर्मी स्कूल बस का इस्तेमाल किया जा रहा था। 7. बठिंडा में BJP नेता घायल, हवाई फायरिंग हुई बठिंडा में वोटिंग की टाइमिंग खत्म होने के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। भाजपा के जिला अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला घायल हो गए। उन्हें बचाने के लिए समर्थकों ने हवा में गोलियां चलाईं। 8. पटियाला में पुलिस ने लाठीचार्ज किया पटियाला के समाना में कई वार्डों में झड़पें हुईं। वार्ड नंबर 15 में बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बाद पथराव और लाठीचार्ज भी हुआ। इस दौरान आम आदमी पार्टी और विरोधी दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। पुलिस पर भी पथराव किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मतदान प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई। 9. मजीठा में मजीठिया की SSP से बहस अमृतसर के मजीठा में अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया और देहात के SSP सुहैल कासिम मीर के बीच तीखी बहस हो गई। मजीठिया ने कहा कि आप के समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में एक सिख नौजवान की पगड़ी जबरदस्ती उतार दी। उसका सिर फाड़ दिया गया। मजीठा में अब कानून का राज नहीं, बल्कि भगवंत मान के संरक्षण वाले गुंडों का राज चल रहा है। अफसर AAP के इशारों पर नाचने वाली एक कठपुतली की तरह नजर आते हैं। 10. जगराओं में इन्फ्लुएंसर पर हमला लुधियाना में जगराओं के वार्ड नंबर 1 के मतदान केंद्र पर इन्फ्लुएंसर सुखविंदर पर हमला कर दिया गया, जिसमें उसका कैमरामैन चाकू लगने से घायल हो गया। यह घटना आम आदमी पार्टी की विधायक सर्वजीत कौर माणुके और इन्फ्लुएंसर के बीच बहस के कुछ देर बाद हुई। इस पर कांग्रेस भड़क गई। कांग्रेस नेताओं ने धरना दिया। पंजाब कांग्रेस प्रधान का फोटो, जो चर्चा में रहा…. इन चुनावों में हार-जीत के क्या मायने
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में इन चुनावों में हार-जीत को पॉलिटिकल माहौल के एंगल से भी देखा जा रहा है। अगर सत्ताधारी AAP ने वनसाइड विक्ट्री हासिल की तो वह ये कह सकेंगे कि साढ़े 4 साल बाद भी सरकार के प्रति एंटी इनकम्बेंसी का माहौल नहीं है। अगर हारी तो विपक्षी इसे विधानसभा चुनाव में भुनाएंगे। AAP के अलावा अगर भाजपा, कांग्रेस या अकाली दल की परफॉर्मेंस अच्छी रहती है तो वह इससे अगले चुनाव में अपने लिए माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। वोटिंग के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here