मध्यप्रदेश के जबलपुर में प्रसाद के रूप में मिठाई खाने से एक ही परिवार के 18 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित जबलपुर, भोपाल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत नाजुक हैं, जिसे नागपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक भेड़ाघाट चौराहे पर रहने वाले पटेल परिवार ने बुधवार को बीकानेर स्वीट्स से 4 किलो मिठाई खरीदी थी। शुक्रवार को परिवार के सदस्य त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-पाठ के बाद उन्होंने प्रसाद के रूप में वही मिठाई खाई। देर रात बिगड़ी तबीयत शुक्रवार रात अचानक परिवार के कई सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और दस्त होने लगे। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल जबलपुर सहित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं कुछ लोगों को नरसिंहपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोटेगांव में इलाज के लिए भर्ती किया गया। एक की हालत नाजुक निजी अस्पताल में भर्ती एक मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि मिठाई खाने से फूड पॉइजनिंग की घटना हुई है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
