रीवा के नेशनल हाईवे-30 पर सोहागी पहाड़ में शुक्रवार रात ट्रक ड्राइवरों ने RTO चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साए ड्राइवरों ने मौके पर मौजूद लोगों से जवाब मांगा। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। ड्राइवरों का कहना था कि उन्हें चेकिंग के नाम पर रोका जा रहा था और पैसे मांगे जा रहे थे। लंबे समय से चल रही वसूली से नाराज ड्राइवरों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने गाड़ियां खड़ी कर हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विरोध बढ़ता देख अफरा-तफरी मच गई। भीड़ ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जो खुद को RTO से जुड़ा बता रहा था। वहीं, उसके साथ मौजूद 4-5 अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर पैदल ही भाग निकले। हंगामे की 6 तस्वीरें देखिए…
MP-UP बॉर्डर पर कुछ इस तरह हुआ पूरा घटनाक्रम… भीड़ ने पूछा- कौन हो और यहां पर वसूली क्यों कर रहे हो। (आरटीओ दलाल जवाब नहीं दे पाता…लोग उसे पकड़कर सड़क पर खड़ा करते हैं) इतने में एक ट्रक ड्राइवर- इसने मुझसे 1000 रुपए लिए हैं। दूसरा ट्रक ड्राइवर- मुझसे भी 1000 रुपए मांग रहा था। भीड़- तुम हो कौन जो आरटीओ की गाड़ी लेकर यहां वसूली करते हो। (आरटीओ दलाल डरते हुए कोई जवाब नहीं दे पाया) इतने में भीड़ दूसरे आरटीओ दलाल को पकड़ने चली जाती है, जो गाड़ी में बैठा था। भीड़ उसे भी कमर से पकड़कर बीच सड़क पर लाकर खड़ा करती है। इस दौरान दूसरा आरटीओ दलाल- मेरे साथ धक्का-मुक्की मत करो। इतने में भीड़- पकड़ो-पकड़ो…वो पहला वाला जंगल की तरफ भाग गया। (भीड़ ने दौड़ते हुए पीछा किया) भीड़- पहला वाला तो जंगल के रास्ते भाग गया। दूसरा आरटीओ दलाल- मैं वसूली नहीं कर रहा था, मैं गाड़ी चलाता हूं। इतने में एक ट्रक ड्राइवर- मुझसे यही पैसे मांग रहा था। आरटीओ दलाल- दादा मुझे छोड़ दो। ट्रक ड्राइवर- मैं आंध्रा और फिर हाथरस से आ रहा हूं। अब MP में आते ही इस आरटीओ दलाल ने पकड़ लिया। भीड़- इसका वीडियो बनाओ…इसके खिलाफ एफआईआर करवाओ। ट्रकों की लंबी कतार लगी, 2 घंटे बाद यातायात बहाल विरोध प्रदर्शन के कारण हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। ट्रकों की लंबी कतार लग गई। आवागमन प्रभावित रहा। समझाइश के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल कराया गया। पूछताछ के लिए पुलिस ने एक को हिरासत में लिया स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में चेकिंग के नाम पर वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि इस बार ड्राइवरों ने खुद खुलकर विरोध किया, जिससे मामला तूल पकड़ गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया गया। एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच में अवैध वसूली की पुष्टि होती है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रिटायर्ड कमांडो बोले- ड्राइवर ने फोन लगाया था
सूचना मिलते ही स्थानीय कांग्रेस नेता और आर्मी से रिटायर्ड कमांडो अरुण कुमार गौतम मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योंथर विधानसभा के सोहागी इलाके में RTO के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। ड्राइवरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौतम ने कहा कि रात में मुझे फोन आया। एक ट्रक ड्राइवर ने रोते हुए अपनी व्यथा सुनाई। अकेले जाना खतरे से खाली नहीं रहता, इसलिए मैंने ग्रामीणों को फोन लगाया। थोड़ी ही देर में सभी मौके पर पहुंचे। भीड़ और हम सबको देखते ही दलाल भागने लगे। दो दलाल पास में मौजूद चाय वाले के झोपड़े में जा घुसे, जबकि दूसरा दलाल एक गाड़ी में घुसा। बाकी एक-दो जंगल के रास्ते भाग गए, जिन्हें बाद में सबने मिलकर पकड़ा। गरीब ट्रक ड्राइवरों को मारते हैं, उन्हें धमकाते हैं गौतम ने बताया कि आए दिन ट्रक ड्राइवर और यहां की भोली-भाली जनता को ठगा जाता है। ये सिर्फ न केवल यहां पर अवैध वसूली करते हैं बल्कि पैसे न देने पर लोगों के साथ मारपीट और बदतमीजी भी करते हैं। गरीब ट्रक ड्राइवरों को मारते हैं। उन्हें धमकाते हैं। पुलिस वाले भी खुलेआम वसूली होने देते हैं।
