रतलाम-सैलाना रोड स्थित पलसोड़ा फंटे पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। तेज रफ्तार में बीच सड़क पर चल रही एक कार से सामने से आ रही बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला करीब 10 फीट हवा में उछल गई और सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार पर जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। देखिए एक्सीडेंट का सीसीटीवी फुटेज…
कार के बीच सड़क पर चलने से हुआ हादसा हादसा रतलाम से करीब 8 किलोमीटर दूर पलसोड़ा फंटा मुख्य रोड पर हुआ। सैलाना की तरफ से आ रही राजस्थान पासिंग की एक तेज रफ्तार कार सड़क के बिल्कुल बीच में चल रही थी। इसी दौरान रतलाम की तरफ से आ रहे बाइक सवार मां-बेटे की कार से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही दोनों हवा में उछल गए और सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकराकर सड़क पर गिर गए, जिससे दोनों बाइकों की भी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। समय पर नहीं पहुंची पुलिस और एंबुलेंस, कार चालक फरार हादसे के बाद मौके पर मौजूद बिल्डिंग मटेरियल दुकान संचालक हरीश व्यास और अन्य ग्रामीणों ने पुलिस व 108 एंबुलेंस को फोन किया। काफी देर तक मदद न मिलने पर ग्रामीणों ने घायल मां-बेटे को एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज भिजवाया। कार में एक महिला और दो बच्चों सहित पूरा परिवार सवार था, जो हादसे के बाद कुछ देर रुकने के बाद गाड़ी लेकर वहां से चला गया। वहीं, दूसरी बाइक के सवार को चोट नहीं आने के कारण वह भी मौके से रवाना हो गया। सोमवार रात को परिजन घायलों को इलाज के लिए किसी अन्य स्थान पर ले गए। पलसोड़ा फंटे पर आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं स्थानीय ग्रामीण हरीश व्यास ने बताया कि पलसोड़ा फंटा मार्ग पर दो गांवों की क्रॉसिंग है, जिसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क पर स्पीड ब्रेकर भी बनाए गए हैं, लेकिन वाहन चालक अक्सर उन्हें अनदेखा करते हुए तेज रफ्तार में गाड़ियां निकालते हैं। इस मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
