मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े परिवार को चपेट में ले लिया। हादसे के आखिरी सेकंड में ससुर ने बेटे, बेटी, दामाद और नातिन को धक्का देकर बचा लिया, जबकि खुद कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए। मौके पर ही 15 सेकंड में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक हाकिम सिंह (48) चंदौरिया गांव के रहने वाले थे। वह नेशनल हाईवे-46 पर स्थित कोलारस के अन्नपूर्णा होटल पर काम करते थे। दामाद होशियार परिहार इंदौर में नौकरी करता है। वह कुछ दिनों की छुट्टी पर पत्नी और बच्ची के साथ गांव आया था। रविवार रात करीब 12 बजे होशियार को वापस इंदौर लौटना था। इसी वजह से हाकिम सिंह परिवार को बस में बैठाने के लिए होटल के सामने लाए थे। सड़क किनारे दामाद होशियार सिंह (27), बेटी रचना परिहार, 2 साल की नातिन गुंजन और बेटा राजा परिहार (15) बस का इंतजार कर रहे थे। हादसे से जुड़ी 4 तस्वीरें देखिए… अचानक धीमी हुई बस, पीछे से आया तेज रफ्तार कंटेनर इसी दौरान एक बस कोलारस कस्बे की ओर मुड़ने के लिए वहां पहुंची। बस ड्राइवर ने अचानक रफ्तार धीमी की, तभी शिवपुरी से गुना की ओर तेज रफ्तार में जा रहा कंटेनर बेकाबू हो गया। बस से टक्कर बचाने के चक्कर में चालक ने कंटेनर मोड़ा, लेकिन वह सीधे सड़क किनारे खड़े परिवार की ओर बढ़ गया। कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार मच गई। मौत सामने देख हाकिम सिंह ने परिवार को धक्का दिया CCTV फुटेज में दिख रहा है कि जैसे ही कंटेनर परिवार की ओर बढ़ा, हाकिम सिंह ने बेटे राज, दामाद होशियार और बेटी को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगते ही परिवार के सदस्य सड़क किनारे दूर जा गिरे और उनकी जान बच गई। हादसे में परिवार को बचाने की कोशिश में हाकिम सिंह खुद कंटेनर की चपेट में आ गए। तेज रफ्तार वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए। परिवार के सामने ही हाकिम सिंह ने दम तोड़ दिया। दामाद कंटेनर पर लटक गया, चालक भागने लगा हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने लगा। ससुर की मौत देखकर दामाद होशियार परिहार कंटेनर के पीछे दौड़ा और उसी पर लटक गया। होशियार सिंह करीब डेढ़ किलोमीटर तक कंटेनर के केबिन के बाहर लटका रहा। ड्राइवर ने उसे नीचे गिराने के लिए कंटेनर इधर-उधर लहराया। कुछ दूरी पर जाकर कंटेनर चंदोरिया गांव के पास पलट गया। अंधेरे में भागे ड्राइवर और हेल्पर, पुलिस तलाश में जुटी कंटेनर पलटते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चालक और उसका हेल्पर मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक हाकिम सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पलटे हुए कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक और हेल्पर की तलाश की जा रही है। कंटेनर नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। …………………………………….. यह खबर भी पढ़ें मऊगंज में बाइक की टक्कर से 6 फीट उछला साइकिल सवार मऊगंज में तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रही साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार करीब 6 फीट ऊपर हवा में उछला, फिर 25 फीट दूर जाकर गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार दंपती गंभीर घायल हैं। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी आया है। पढ़ें पूरी खबर…
