छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को विक्रमपुर गांव के पूर्व सरपंच महुम सिंह उर्फ हल्के राजा पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, महुम सिंह छतरपुर से अपने गांव विक्रमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान इमलिया गांव के पास चार फोर व्हीलर वाहनों में सवार होकर आए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और कई राउंड फायरिंग की। पेट और हाथ में गोलियां लगीं हमले में महुम सिंह को पेट, कमर के नीचे, जांघ और हाथ में गोलियां लगी हैं। उनकी बोलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जो इमलिया में ही खड़ी है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। राजनगर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश या अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। चोरों ओर से की फायरिंग घायल पूर्व सरपंच के भतीजे योगेन्द्र देव बुन्देला ने बताया कि उनके चाचा छतरपुर से लौट रहे थे, तभी इमलिया गांव के पास चार वाहनों में आए लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि चाचा को चारों तरफ से गोलियां लगी हैं और उनकी हालत गंभीर है।
