Homeछत्तीसगढ़गर्मी में बिजली उपकरणों को कैसे रखें सुरक्षित:घर-दुकानों में क्वालिटी फ्यूज-MCB और...

गर्मी में बिजली उपकरणों को कैसे रखें सुरक्षित:घर-दुकानों में क्वालिटी फ्यूज-MCB और स्टेबलाइजर जरूरी, जानिए शॉर्ट सर्किट से बचने के उपाय

रायपुर में ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों में आग लगने की लगातार घटनाएं सामने आ रही है। बीते एक हफ्ते में ही 6 से ज्यादा जगह आग लग चुकी है। घरों, दुकानों और इमारतों में शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ गया है। बिजली की खपत बढ़ने से वायरिंग पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे ओवरलोडिंग, स्पार्किंग और उपकरण खराब हो सकते हैं। ऐसे हालात में छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। आम लोगों के लिए इस मौसम में बिजली से जुड़ी सावधानियां जरूरी है। विशेषज्ञों के मुताबिक सॉकेट ओवरलोड न करना, पुरानी वायरिंग बदलना, अच्छी गुणवत्ता वाले फ्यूज और MCB लगवाना, साथ ही स्टेबलाइजर और सर्ज प्रोटेक्टर का उपयोग करना नुकसान से बचा सकता है। नियमित जांच और सही रखरखाव से न सिर्फ घर सुरक्षित रहता है, बल्कि महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं। दैनिक भास्कर ने CSEB के रिटायर्ड पूर्व MD मनोज खरे से चर्चा की। उन्होंने इन घटनाओं के पीछे की वजह, शॉर्ट सर्किट से बचने के उपाय और घर के महंगे बिजली उपकरणों को बचाने के तरीकों के बारे में बताया। पढ़िए ये रिपोर्ट… पहले देखिए ये तस्वीरें- शॉर्ट सर्किट से बचने के उपाय सॉकेट को ओवरलोड न करें: एक ही मल्टी-प्लग या एक्सटेंशन बोर्ड में बहुत सारे भारी बिजली उपकरण (जैसे एसी, हीटर, गीजर) न जोड़ें। इससे तार गर्म होकर पिघल सकते हैं और शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकते हैं। फ्यूज और एमसीबी (MCB) का उपयोग: बिजली के पैनल में हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले फ्यूज या MCB लगवाएं। करंट बढ़ने पर ये अपने आप ट्रिप हो जाते हैं, जिससे घर के उपकरणों और वायरिंग को नुकसान नहीं पहुंचता। पुरानी या खराब वायरिंग बदलें: अगर घर की वायरिंग पुरानी हो गई है या कहीं से तार कटे-फटे या नंगे हैं, तो उन्हें तुरंत बदल दें। ढीले कनेक्शन भी स्पार्किंग और आग का कारण बन सकते हैं।
पानी और नमी से बचाव: बिजली के स्विच और प्लग को गीले हाथों से न छुएं और उन्हें सिंक या पानी वाली जगहों से दूर रखें। पानी बिजली का सुचालक है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है।
नियमित जांच और रखरखाव: साल में कम से कम एक बार किसी अनुभवी इलेक्ट्रीशियन से पूरे घर की वायरिंग और अर्थिंग की जांच करवाएं। पुराने या खराब हो चुके स्विच और सॉकेट को समय रहते बदल लेना चाहिए। महंगे बिजली उपकरणों को सुरक्षित रखने के उपाय स्टेबलाइजर का उपयोग करें: स्टेबलाइजर वोल्टेज को संतुलित रखता है और अचानक उतार-चढ़ाव से बचाता है। इससे फ्रिज, टीवी, एसी जैसे उपकरण सुरक्षित रहते हैं। यह उपकरणों की लाइफ बढ़ाने में भी मदद करता है। सर्ज प्रोटेक्टर लगाएं: सर्ज प्रोटेक्टर अचानक हाई वोल्टेज से सुरक्षा देता है। बिजली आने-जाने के समय यह सबसे ज्यादा उपयोगी होता है। इससे उपकरण जलने का खतरा काफी कम हो जाता है। उपयोग न होने पर प्लग निकालें: जब उपकरण इस्तेमाल में न हो, तो उसे प्लग से हटा देना बेहतर है। इससे अचानक करंट आने या वोल्टेज बढ़ने का असर नहीं पड़ता। यह एक सरल लेकिन प्रभावी सुरक्षा उपाय है। अच्छी अर्थिंग सुनिश्चित करें: सही अर्थिंग करंट को सुरक्षित तरीके से जमीन में भेजती है। इससे उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता। यह शॉक और आग दोनों से सुरक्षा देता है। नियमित सर्विसिंग कराएं: समय-समय पर उपकरणों की जांच जरूरी होती है। छोटी खराबी को पहले ही ठीक कर लेने से बड़ा नुकसान टलता है। इससे उपकरण लंबे समय तक सुरक्षित और बेहतर चलते हैं। अब जानिए रायपुर में कहां-कहां हुई आग लगने की घटनाएं 1. देवेंद्र नगर टिंबर मार्केट में लगी आग बीते हफ्ते पंडरी बस स्टैंड और देवेंद्र नगर टिंबर मार्केट में भीषण आग की घटनाएं सामने आईं। देर रात लगी आग ने तेजी से विकराल रूप लिया, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। शुरुआती तौर पर इन घटनाओं में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। 2. मंगलम ट्रांसपोर्ट का गोदाम में भीषण आग बंजारी मंदिर के पीछे मंगलम ट्रांसपोर्ट का गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैली। इसी तरह न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के पवन विहार कॉलोनी अमलीडीह में घर से जुड़ी दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वायरिंग थी, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका है। 3. कंकाली पारा में ट्रांसफार्मर में लगी आग नवभारत चौक, कंकाली पारा में ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बिजली सप्लाई बाधित हो गई। 4. बढ़ाई पारा में भी ट्रांसफार्मर जला ललिता चौक, बढ़ाई पारा में ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना सामने आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर पहले से ही ओवरलोड था और कई बार स्पार्किंग की शिकायत हो चुकी थी। 5.पेट्रोल पंप के पास ट्रांसफार्मर में आग टाटीबंध क्षेत्र में भारत माता स्कूल और पेट्रोल पंप के पास ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। गर्मी के कारण लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो गया, जिससे आग भड़क उठी। समय रहते आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर में आग लगने के मुख्य कारण बिजली के खंभों के तारों में आग लगने की वजह पुराने ट्रांसफार्मर पर दबाव और बढ़ा CSEB के पूर्व MD मनोज खरे के अनुसार शहर में ज्यादातर ट्रांसफार्मर पहले से ही ओवरलोड हैं। कई कॉलोनियों में नए कनेक्शन जुड़ते जा रहे हैं, जिससे पुराने ट्रांसफार्मर पर दबाव और बढ़ गया है। हालांकि, बिजली विभाग का कहना है कि गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड को देखते हुए ट्रांसफार्मर अपग्रेड और मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है। …………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… 18 घंटे बाद प्लास्टिक-पटाखा दुकान की आग बुझी: 110 टैंकर पानी लगा, बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, 6 घर खाली कराए गए, रातभर बिजली गुल अंबिकापुर में मुकेश प्लास्टिक-पटाखा होलसेल दुकान में लगी भीषण आग पर 17-18 घंटे की मशक्कत के बाद पूरी तर काबू पा लिया गया है। हालांकि बिल्डिंग कोलेप्स हो जाने के कारण फायर ब्रिगेड की टीम अंदर नहीं जा पा रही है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। पढ़ें पूरी खबर

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here