शुक्रवार रात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार दिवसीय ग्वालियर-चंबल संभाग दौरे पर पहुंचे, जहां रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। मीडिया से बातचीत में सिंधिया ने आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि जो भी भाजपा की विचारधारा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य से जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह कारवां लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री के नेतृत्व को कोई गुमराह नहीं कर सकता और देशहित में काम करने वालों के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं। हालांकि पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
