ग्वालियरवासियों को फैशन और बेहतर लाइफस्टाइल से अपडेट करने के लिए दैनिक भास्कर की ओर से तीन दिवसीय प्रीमियम लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का शुभारंभ सिटी सेंटर स्थित होटल रेडिसन में हो गया है। 26 अप्रैल तक चलने वाली इस एग्जीबिशन में ग्वालियर के साथ-साथ देश के प्रमुख फैशन हाउस और डिजाइनर अपने स्टॉल लेकर आए हैं। शुक्रवार को महापौर डॉ. शोभा सिकरवार के मुख्य आतिथ्य में एग्जीबिशन का भव्य शुभारंभ हुआ। महापौर ने फीता काटकर उद्घाटन किया और स्टॉल का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। महापौर बोलीं- हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं इस मौके पर महापौर ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। एग्जीबिशन में अधिकांश स्टॉल महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जो महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने दैनिक भास्कर के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में स्वागत भाषण के बाद यूनिट हेड हरिशंकर व्यास ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान मोनास आर्ट की डायरेक्टर मोना शर्मा भी उपस्थित रहीं। पहले ही दिन उमड़ी भीड़, ग्राहकों ने की जमकर खरीदारी एग्जीबिशन को पहले ही दिन शानदार प्रतिक्रिया मिली। हर स्टॉल पर ग्राहकों की भीड़ नजर आई और लोगों ने देशभर के डिजाइनर्स के लेटेस्ट कलेक्शन की खरीदारी की। यहां साड़ी, इंडो-वेस्टर्न ड्रेस, फुटवियर, ज्वेलरी, होम डेकोर, हैंडीक्राफ्ट, वेलनेस प्रोडक्ट्स और स्टेशनरी सहित कई कैटेगरी के स्टॉल लगे हैं। प्रदेश के चर्चित फैशन हाउस आवतराम एंड संस और मन शोरूम ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं।
