IPS अधिकारी को धमकाने के मामले में घिरे भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के तेवर अब नरम पड़ गए हैं। गुरुवार को वे CM हाउस पहुंचे, जहां हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे। बैठक के बाद लोधी ने अपने बयान पर खेद जताया और कहा कि कुछ शब्दावली गलत हो गई थी। CM हाउस में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि उनका परिवार जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक तीन पीढ़ियों से जुड़ा रहा है और वे पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे से जुड़े मामले में पुलिस कार्रवाई में उन्होंने पूरा सहयोग किया है और केस कोर्ट में है। बेटे का जुलूस निकाला- मन आहत हुआ सबसे अहम बात पर सफाई देते हुए लोधी ने कहा— “लड़के का जो जुलूस निकाला गया, उससे मन आहत हुआ। उसी दौरान मुझसे कुछ शब्दावली गलत बोल दी गई। अगर किसी अधिकारी को बुरा लगा हो तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।” मामले की जांच कराने का किया आग्रह उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अधिकारियों के सहयोग से चलती है और आगे वे शब्दों के चयन में सावधानी रखेंगे और पार्टी गाइडलाइन का पालन करेंगे। लोधी ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह भी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से किया है। पार्टी ने 3 दिन में मांगा था जवाब इससे पहले करैरा SDOP को धमकी देने वाले बयान के बाद पार्टी ने उन्हें नोटिस जारी किया था और 3 दिन में जवाब मांगा था। भास्कर से बातचीत में उन्होंने पहले नोटिस मिलने तक टिप्पणी करने से बचते हुए कहा था कि “पहले नोटिस हाथ में ले लूं, फिर जवाब दूंगा।”
विधायक लोधी से जुड़ा ये है पूरा विवाद गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे, शिवपुरी के करैरा में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की तेज रफ्तार ‘थार’ (जिस पर ‘MLA’ लिखा था) ने बाइक सवार तीन लोगों और दो पैदल महिलाओं को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट के बाद दिनेश लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह घायलों को ही फटकारते हुए कह रहे थे, “मैं हॉर्न और सायरन बजा रहा था, तुम लोग हट क्यों नहीं रहे थे?” पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ मामला दर्ज किया। विधायक प्रीतम लोधी ने शुरुआत में कहा कि कानून अपना काम करेगा और उन्होंने खुद पुलिस से केस दर्ज करने को कहा। करैरा के SDOP आयुष जाखड़ (IPS अधिकारी) ने दिनेश लोधी को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस ने गाड़ी से अवैध सायरन और काली फिल्म हटवाई और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की। रविवार को प्रीतम लोधी का एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने SDOP पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके बेटे को “करैरा में दोबारा न दिखने” और “राजनीति न करने” की चेतावनी दी है।
लोधी ने खुलेआम SDOP को धमकी देते हुए कहा, “क्या करैरा तेरे बाप का है? मेरा बेटा फिर आएगा और चुनाव लड़ेगा, दम हो तो रोक लेना।” मंगलवार को प्रीतम लोधी ने एक और कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर SDOP ने 15 दिन में माफी नहीं मांगी या स्पष्टीकरण नहीं दिया, तो वह 10,000 लोगों को लेकर SDOP के बंगले का घेराव करेंगे और उसे गोबर से भर देंगे। लोधी के बयान के बाद सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया हुई। IPS एसोसिएशन ने भी इस व्यवहार पर आपत्ति जताई। विधायक के लगातार आपत्तिजनक बयानों और एक लोक सेवक (IPS अधिकारी) को खुलेआम धमकाने को पार्टी ने “अनुशासनहीनता” माना। बुधवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर प्रीतम लोधी को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया गया। उनसे 3 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। पढ़िए विधायक ने SDOP को क्या कहा था ? भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी। वीडियो में वे कह रहे हैं कि करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि वे उन्हें बेचैन कर देंगे। विधायक ने कहा कि वे एसपी से पूछना चाहते हैं कि उन्हें दिल्ली से निर्देश कौन भेज रहा है। क्या मोदी भेज रहे हैं, अमित शाह भेज रहे हैं या महाराज सिंधिया भेज रहे हैं? ऐसे निर्देश केवल उन्हें ही क्यों भेजे जा रहे हैं, जबकि भोपाल में पार्टी का नेतृत्व मौजूद है। करैरा तेरे डैडी का नहीं है SDOP इसके अलावा विधायक ने कहा था- ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी’। करैरा आएगा और चुनाव भी लड़ेगा। अगर तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना। अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें। कानून हमें भी आता है। यह खबरें भी पढ़ें… 1. करैरा तेरे डैडी का नहीं SDOP… भाजपा विधायक की चेतावनी शिवपुरी के पिछोर से विधायक प्रीतम लोधी ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को चेतावनी देते वीडियो जारी किया। बेटे दिनेश लोधी के थार एक्सीडेंट मामले में पूछताछ और करैरा में न दिखने की बात पर प्रीतम ने कहा, ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी’। एसडीओपी ने कहा कि नियमानुसार पूछताछ, ब्लैक फिल्म-हूटर पर चालान और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। पढ़ें पूरी खबर… 2. विधायक के बेटे ने थार से 5 को मारी टक्कर मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार को पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने थार कार से 5 लोगों को टक्कर मारी। हादसे में बाइक सवार 3 लोग और पैदल चल रही दो महिलाएं घायल हो गईं। मामला करैरा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… 3. BJP विधायक प्रीतम लोधी पर भड़के MP के IPS मध्य प्रदेश में शिवपुरी के पिछोर से BJP विधायक प्रीतम सिंह लोधी की टप्पणी से IPS एसोसिएशन नाराज है। SDOP डॉ. आयुष जाखड़ को ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी’ कहने पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। एसोसिएशन ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर…
