Homeमध्यप्रदेशनेताजी ने अफसर के शर्ट में भरी चूड़ियां:हल्का पड़ा भाजपा विधायक का...

नेताजी ने अफसर के शर्ट में भरी चूड़ियां:हल्का पड़ा भाजपा विधायक का ‘ढाई सौ किलो’ का हाथ; अब कांग्रेस नेता बोले-मेरा इतिहास देख लेना

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा विधायक ने सीएम के सामने दी सफाई
अपने मुक्के को ‘ढाई सौ किलो’ का बताने और आईपीएस अधिकारी को धमकाने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सुर अब नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने सफाई पेश की। विधायक ने पुलिस अधिकारी के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर खेद जताते हुए कहा कि आगे से ऐसी गलती नहीं होगी। उन्होंने बताया कि अपने बेटे के मामले में उन्होंने पुलिस का पूरा सहयोग किया, लेकिन उसे सड़क पर घुमाए जाने से वे आहत हो गए थे। प्रीतम लोधी ने कहा- गुस्से में मुझसे कुछ गलत शब्द निकल गए। अगर किसी अधिकारी को बुरा लगा हो, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। आगे से शब्दों का ध्यान रखूंगा और पार्टी की गाइडलाइन का पालन करूंगा। खरी बात यह है कि इस सफाई के बाद मामला फिलहाल शांत पड़ता दिख रहा है, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। विधायक ने अपना पक्ष रखते हुए पूरे मामले की जांच की मांग भी कर दी है। यानि आगे अभी और ‘एपिसोड’ बाकी हैं। ‘नारी सम्मान’ पर छिड़ी सियासी महाभारत
एमपी में नारी सम्मान के मुद्दे पर सियासी महाभारत छिड़ गई है। मामला कौरव-पांडव तक पहुंच गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस की तुलना कौरवों से की है। वे सागर के नरयावली में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। दरअसल, लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने के लिए सीएम यादव ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पांच हजार साल पहले भरे दरबार में द्रौपदी का चीरहरण किया गया था और कौरवों ने उनके साथ अन्याय किया था। उसी तरह का दृश्य लोकसभा में भी देखने को मिला। सीएम ने कहा कि उस समय कौरव थे और आज कांग्रेस है। दोनों में कोई अंतर नहीं है। वही माहौल दोहराया गया। इधर, कांग्रेस ने महिला कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प होती दिख रही है। इस वीडियो को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। जीतू पटवारी ने पूछा- क्या यही आपकी नारी शक्ति वंदना है? क्या इसी तरह का सम्मान आप देश की नारियों को देना चाहते हैं? खरी बात ये है कि यह आधी आबादी का मामला है, इसलिए इस पर सियासी तीर तो चलना ही है। सीएमओ साहब की शर्ट में चूड़ियां डाल दी
लगता है एमपी में नेताओं और अफसरों के बीच टकराव का दौर चल रहा है। मुरैना के अंबाह में एक निर्दलीय पार्षद ने तो हद ही पार कर दी। उन्होंने सबके सामने नगर पालिका अधिकारी की शर्ट में चूड़ियां डाल दीं। दरअसल, पार्षद एक मामले को लेकर सीएमओ को ज्ञापन देने पहुंचे थे। वे अपने साथ प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भी लाए थे। पार्षद ने अधिकारी से कहा- आप चूड़ी पहनिए, आप कोई काम नहीं कर रहे, सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे हैं। जब अधिकारी ने चूड़ियां लेने से इनकार किया, तो पार्षद ने जबरन उनकी शर्ट में चूड़ियां डाल दीं। इस पर अधिकारी ने आपत्ति जताते हुए इसे बदतमीजी बताया, लेकिन पार्षद ने कहा कि यह बदतमीजी नहीं, बल्कि सही तरीका है। अब यह मामला पार्षद पर भारी पड़ सकता है। अधिकारी थाने पहुंच गए हैं और उन्होंने पार्षद के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस पार्षद ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
ग्वालियर में कांग्रेस पार्षद विनोद उर्फ माठू यादव भाजपा विधायक प्रीतम लोधी जैसी भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। उन्होंने विधायक का नाम लेते हुए कहा- अगर मैं अपनी पर आ गया, तो जैसा प्रीतम लोधी ने कहा था- मेरा इतिहास देख लो, तो मेरा भी इतिहास उठाकर देख लो, मैं कौन हूं। दरअसल, पार्षद अपने वार्ड में पानी की समस्या को लेकर नाराज थे। वे रात में ही पानी की टंकी पर पहुंच गए और शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने टंकी में कूदने की कोशिश भी की। हंगामे की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पार्षद ने निगम कर्मचारियों को घेर लिया और कुछ समय के लिए उन्हें बंधक जैसी स्थिति में रखा। पार्षद ने कहा कि वे जनता के हक के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों के कपड़े फाड़ने तक की चेतावनी दी। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने टंकी से जुड़ी तकनीकी खराबी को ठीक कराया, जिसकी वजह से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही थी। मरम्मत के बाद देर रात टंकी को भरवाया गया। इसके बाद पार्षद ने शर्ट पहनी और वहां से चले गए। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), जितेंद्र तिवारी (सागर), आशीष शर्मा (अंबाह), विजय राठौर (ग्वालियर) ये भी पढ़ें –
भाजपा विधायक के बगावती तेवर, सड़क पर उतरेंगे: मुख्यमंत्री का ‘अन्ना’ लुक, गंदगी पर भड़कीं मंत्री पुलिस अधिकारी को धमकाने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी मुश्किल में पड़ गए हैं। उनकी अपनी ही पार्टी ने उन्हें नोटिस जारी कर दिया है। पार्टी ने विधायक के आचरण को आपत्तिजनक और अनुशासनहीन बताया है। भाजपा ने विधायक से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here