कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में उबाल आ गया है। इंदौर में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने पहुंचे पार्टी के दिग्गज नेताओं ने खड़गे के इस बयान को लेकर कांग्रेस की जमकर घेराबंदी की। भाजपा नेताओं ने एक सुर में इसे देश का अपमान और कांग्रेस की हताशा करार दिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय स्तर की पार्टी के अध्यक्ष से ऐसे मर्यादित आचरण की उम्मीद नहीं की जा सकती। खंडेलवाल के अनुसार, मोदी जी वर्तमान में दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और उनके प्रति ऐसी भाषा का उपयोग करना कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनहित के कार्यों में बाधा डाली है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता शायद यह भूल गए हैं कि मोदी जी को जनता ने प्रधानमंत्री चुना है, न कि कांग्रेस ने। उन्होंने नारी वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बहनों के अधिकारों को छीनने का काम किया है और अब वे सहयोग करने के बजाय जश्न मना रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ‘सठिया’ गए गोवा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दामोदर दादू नाइक ने खड़गे पर सीधा हमला बोलते हुए यहां तक कह दिया कि उम्र के इस पड़ाव पर कांग्रेस अध्यक्ष ‘सठिया’ गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को कोसना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है और वे देश के विकास में हमेशा से अड़चन बनते आए हैं। नाइक के अनुसार, इस तरह के बयानों के लिए पूरी कांग्रेस पार्टी को शर्म आनी चाहिए। कांग्रेस का असली ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कांग्रेस का असली ‘चाल, चरित्र और चेहरा’ है। उन्होंने ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत का उदाहरण देते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने की छटपटाहट में कांग्रेसी अपने संस्कार भूल चुके हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर ने इसे पूरे देश का अपमान करार दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस का जैसा चरित्र रहा है, उनके अध्यक्ष का बयान भी वैसा ही है। इंदौर में जुटे इन तमाम नेताओं ने एक स्वर में मांग की है कि कांग्रेस को इस अमर्यादित टिप्पणी के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। खड़गे पहले भी दे चुके है पीएम को लेकर विवादित बयान
