मध्य प्रदेश के महू में शनिवार को बेरछा जंगल गैंगरेप केस के 2 आरोपियों को कोर्ट परिसर में वकीलों ने जमकर पीटा। पुलिस के सामने लात-घूंसे बरसाए। कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर पूरी तरह हंगामे में बदल गया। मामला महू कोर्ट का है। जानकारी के मुताबिक, वकीलों की भीड़ ने आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया। लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। किसी तरह आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर कोर्ट रूम के भीतर पहुंचाया। इस दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हंगामे के बीच कोर्ट की कार्यवाही पूरी की गई। दोनों आरोपियों को 20 अप्रैल तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है। पिटाई से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए… बेरछा जंगल में हुई थी दरिंदगी यह पूरा मामला महू के पास स्थित बेरछा जंगल का है, जहां एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपने दोस्त के साथ इंदौर से लगंचा बाबा मंदिर में दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद दोनों जंगल के पास बैठे थे, तभी दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। दोस्त से मारपीट, युवती से जंगल में गैंगरेप आरोपियों ने पहले युवती के दोस्त के साथ मारपीट की, जिससे वह विरोध न कर सके। इसके बाद आरोपियों ने युवती से जंगल गैंगरेप किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे। SIT जांच के बाद घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी इंदौर ग्रामीण पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। सर्च ऑपरेशन, स्थानीय इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मानपुर थाना क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों का नाम महेंद्र और पिंटू है, जो मानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाला हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल किया। बताया कि वे सुनसान इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस की अपील- डरें नहीं, सामने आएं पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अगर किसी के साथ पहले इस तरह की कोई घटना हुई हो, तो बिना डर पुलिस को जानकारी दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। …………………………………………… यह खबर भी पढ़ें… महू में बेरछा गैंगरेप केस के दोनों आरोपी गिरफ्तार:10 हजार का इनाम भी था घोषित, लगंचा बाबा मंदिर दर्शन के लिए आई थी पीड़िता महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र स्थित बेरछा के जंगल में 14 अप्रैल को हुए सामूहिक रेप मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में पहले आरोपियों के स्केच जारी किए थे और उनकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। पढ़ें पूरी खबर
