नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार टवेरा (MP 09 BC-1840) और सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में टवेरा सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य घायल हैं। घायलों में 2 की हालत गंभीर है। सभी मृतक माखननगर के महेंद्रवाड़ी गांव के रहने वाले थे और बुधनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि हादसे का शिकार हुई टवेरा का रजिस्ट्रेशन और फिटनेस 6 महीने पहले ही खत्म हो चुका था और वह अवैध रूप से टैक्सी के रूप में सड़कों पर दौड़ रही थी। देखिए हादसे की तस्वीरें… शादी की खुशियां मातम में बदलीं, गांव में हुआ अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वालों में महेंद्रवाड़ी निवासी ताऊ हरिसिंह, भतीजा साहिल यादव, विनीत यादव और शुभम मोरप्पा शामिल हैं। पांचवा मृतक टवेरा का ड्राइवर है। हरिसिंह, साहिल और विनीत का सोमवार को नर्मदा तट चौकाघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, शुभम के पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में पदस्थ हैं। उनके पश्चिम बंगाल से भोपाल होते हुए गांव पहुंचने पर शुभम का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शी बोला- रोंगटे खड़े कर देने वाला था मंजर
मृतकों के गांव के ही रितेश इवने इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने बताया, महेंद्रवाड़ी में हमारे मोहल्ले के राघवेंद्र मोरप्पा की शादी के लिए हम बुधनी गए थे। रविवार रात को खाना खाकर अलग-अलग गाड़ियों से लौट रहे थे। टवेरा हमसे 10 मिनट पहले निकली थी, जिसमें ड्राइवर समेत 12 लोग सवार थे। मैं बाइक से था। कुछ देर बाद जब मेरी बाइक आंचलखेड़ा पहुंची, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल था और चीख-पुकार मची थी। जो लोग खून से लथपथ पड़े थे, वे हमारे अपने ही लोग थे। यह दृश्य देखकर मेरे रोंगटे खड़े हो गए। ड्राइवर की मौके पर मौत हो चुकी थी। घायलों को एंबुलेंस और अपनी गाड़ियों से नर्मदापुरम भेजा गया, जहां 4 साथियों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 6 माह पहले एक्सपायर हो चुका था गाड़ी का रजिस्ट्रेशन
इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन और परिवहन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरटीओ पीके कापसे ने बताया कि, परिवहन विभाग के पोर्टल के अनुसार टवेरा 28 अक्टूबर 2010 को खरीदी गई थी। 21 जुलाई 2025 को यह गाड़ी बाबई के टांडा मोहल्ला निवासी साहिल खान के नाम ट्रांसफर हुई। 15 साल पूरे होने के कारण 27 अक्टूबर 2025 को गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और परमिट खत्म हो गया था। गाड़ी मालिक द्वारा रजिस्ट्रेशन का रिन्यूवल नहीं कराया गया, यह उनकी लापरवाही है। बिना रजिस्ट्रेशन हो गया बीमा, पुलिस-RTO की चेकिंग पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि गाड़ी का रजिस्ट्रेशन खत्म होने के बावजूद 13 फरवरी 2026 को उसका बीमा (Insurance) करा लिया गया, जो 12 फरवरी 2027 तक वैध है। इसके अलावा, प्राइवेट उपयोग के लिए दर्ज गाड़ी का इस्तेमाल टैक्सी के रूप में करके टैक्स चोरी की जा रही थी। पिपरिया रोड पर रोजाना यातायात पुलिस और आरटीओ की चेकिंग के बावजूद यह अनफिट गाड़ी 6 महीने तक बेखौफ दौड़ती रही। हादसे से पहले भी एक अज्ञात वाहन को मारी थी टक्कर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आंचलखेड़ा में भिड़ंत से पहले टवेरा के ड्राइवर ने नर्मदापुरम के चक्कर रोड पर भी एक अज्ञात वाहन को टक्कर मारी थी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ था। माखननगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सोयाबीन भरी थी, जो पिपरिया से इटारसी जा रही थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर का ड्राइवर भाग गया है। हमने टवेरा की जानकारी निकाल ली है। गाड़ी मालिक पर भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… टक्कर से टवेरा के परखच्चे उड़े, 5 मौत, 7 घायल:शादी से लौट रहे थे नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे टवेरा और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली टकरा गई। हादसे में टवेरा सवार 5 लोगों की मौत हो गई। 7 लोग घायल हैं। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी व माखननगर के रहने वाले थे। वे बुधनी में एक शादी समारोह से लौट रहे थे… पूरी खबर पढ़िए
