जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बच्चों से भरी ब्रिटिश स्कूल की वैन और अर्टिगा कार की टक्कर हो गई। हादसा धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र के गढ़ा रोड पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन पलट गई। हादसे में वैन में सवार 8 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने वैन से बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी वैन जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन संजीवनी नगर क्षेत्र से बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली थी। वैन गढ़ा रोड से धनवंतरी नगर रोड की ओर जा रही थी, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलते ही संजीवनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में अर्टिगा की तेज रफ्तार की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच कर रही है। स्कूल वैन की सुरक्षा पर भी सवाल बच्चों के घायल होने के बाद स्कूल वैन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल घायल बच्चों की चोट कितनी गंभीर है, इसकी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दोनों वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
