Homeमध्यप्रदेश2 करोड़ की प्रॉपर्टी, 18 लाख कर्ज...6 लाख का ट्रांजेक्शन:भोपाल डबल मर्डर...

2 करोड़ की प्रॉपर्टी, 18 लाख कर्ज…6 लाख का ट्रांजेक्शन:भोपाल डबल मर्डर की जांच में बड़ा ट्विस्ट, रेनकोट पहनकर आए हत्यारों ने मारी थी दो-दो गोलियां

भोपाल में बुजुर्ग दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक की हत्या की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस ने वारदात के पीछे आर्थिक लेन-देन, संपत्ति और कर्ज के एंगल पर फोकस बढ़ा दिया है। जांच में सामने आया है कि हत्या से कुछ दिन पहले मृतका की भाभी के खाते में 6 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए थे। वहीं, मृतका शकुंतला पर करीब 18 लाख रुपए के बैंक लोन और अन्य कर्ज की जानकारी भी मिली है। करीब 2 करोड़ रुपए की संपत्ति से जुड़े इस मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर रिटायरमेंट फंड, पेंशन और किराए की आय होने के बावजूद कर्ज की जरूरत क्यों पड़ी। दूसरी ओर, हत्या को अंजाम देने वाले संदिग्ध अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सीसीटीवी फुटेज, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच लगातार आगे बढ़ रही है। दैनिक भास्कर ने डबल मर्डर में अब तक क्या हुआ, इसकी पड़ताल की। पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले पूरा घटनाक्रम… ऐशबाग स्थित सुदामा नगर में 27 जून को दंपती की सड़ी-गली स्थिति में लाश मिली थी। इस मामले में पुलिस को सीसीटीवी में दो संदिग्ध नजर आए हैं। इसी फुटेज से यह पता चला है कि हत्या 24 जून को हुई थी। जिसकी जानकारी 3 दिन बाद शव से बदबू आने पर पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमॉर्टम में पत्नी शकुंतला बारीक को दो और हेमंत फिलेमोन को भी दो गोलियां मारने की पुष्टि हुई है। सीसीटीवी में रेनकोट पहने दिखे संदिग्धों पर शक है कि उन्होंने ही पति-पत्नी का दो-दो गोलियां मारकर मर्डर किया था। बनाए हुए बेटे ने दिए 6 लाख रुपए
दैनिक भास्कर की पड़ताल में पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिवानी के खाते में 6 लाख रुपए अलताफ नामक युवक ने ट्रांसफर किए थे। पूछताछ में सामने आया है कि अलताफ अशोका गार्डन का रहने वाला है। वह शिवानी को मां और विनोद को पिता मानता है। उसका कहना है कि उसने शिवानी की मदद के लिए यह रकम दी थी, ताकि वह अपना लोन चुका सकें। पुलिस बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों के जरिए इस दावे की पुष्टि कर रही है। संदिग्धों से तीन-तीन बार पूछताछ
पुलिस ने अब तक विनोद बारीक और उनकी पत्नी शिवानी से हत्याकांड के बाद से प्रतिदिन पूछताछ की है। वहीं, अलताफ से तीन बार पूछताछ हो चुकी है। इसके अलावा विनोद के समधी और उनके बेटे से भी पूछताछ की गई है। हालांकि, अब तक किसी की हत्याकांड में भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी के बयानों और बैंक लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। हत्या का मकसद अब भी साफ नहीं
जांच में यह भी सामने आया है कि विनोद बारीक पहले से ही मृतक हेमंत फिलेमोन के रिश्तेदार थे। बाद में हेमंत ने विनोद की बहन से शादी की, जिससे दोनों परिवारों के रिश्ते और मजबूत हो गए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दंपती ने भोपाल के दो प्लॉट और इटारसी की संपत्ति का नॉमिनी विनोद को ही क्यों बनाया था। अधिकारियों का मानना है कि संपत्ति और आर्थिक संबंधों की पूरी कड़ी समझे बिना हत्या के मकसद तक पहुंचना संभव नहीं होगा। जानिए, बारीक दंपती ने क्या बताया
विनोद बारीक और शिवानी बारीक ने बताया कि 2022 में उनके बेटे की कार्डिएक अरेस्ट से मौत हो गई थी। उसकी पढ़ाई के लिए उन्होंने कर्ज लिया था, जिसे चुकाने में दिक्कतें आ रही थीं। अलताफ एक बैंक में एरिया मैनेजर है। उससे उनकी मुलाकात बैंक में ही हुई थी। उन्होंने बताया कि हमारी परेशानियां जानने के बाद अलताफ से पारिवारिक संबंध बन गए। शिवानी ने कहा कि अलताफ उन्हें मां और विनोद को पिता कहकर बुलाता है। उसके बच्चे हमें दादा-दादी कहते हैं। लोन सेटल करने के लिए अलताफ ने मदद के तौर पर 6 लाख रुपए दिए थे। शकुंतला ने कर्ज क्यों लिया था, इसकी हमें जानकारी नहीं है। उन्होंने कभी अपने कर्ज के बारे में हमें कुछ नहीं बताया। हम पुलिस जांच में लगातार सहयोग कर रहे हैं। पुलिस को कुल कर्ज, लोन सेटलमेंट और किसे कितना पैसा दिया गया, इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। पुलिस की पकड़ से बाहर हैं संदिग्ध
वारदात को अंजाम देने वाले दोनों संदिग्ध अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों रेनकोट पहनकर घटनास्थल तक आते और वारदात के बाद पैदल भागते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी या पहचान बताने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। क्राइम ब्रांच, साइबर सेल और एसआईटी बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। अब तक पुलिस एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। …………………………. यह खबर भी पढ़ें भोपाल में दंपती के सिर में गोली मारकर हत्या भोपाल के ऐशबाग के सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने कुछ दूरी से फायरिंग की। दोनों के सिर में गोली लगी, जबकि महिला की कमर के पास भी एक गोली धंसी मिली। शुक्रवार रात बंद कमरे से दोनों के शव खून से सने बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 70 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here