रायसेन जिले की बेगमगंज जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत भुरेरू के ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सोमवार को तहसीलदार प्रमोद उईके को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य रुका होने से उन्हें आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ज्ञापन में बताया कि भुरेरू टोला के लोगों के लिए गांव की मुख्य सड़क से टपरा टोला तक पहुंचने का यह एकमात्र रास्ता है। ग्रामीण लगभग 100 वर्षों से इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। बारिश के दिनों में सड़क न होने के कारण स्कूली बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाते, और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी गंभीर दिक्कतें आती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले वर्ष समय पर इलाज न मिलने के कारण एक महिला की मौत भी हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत द्वारा इस मार्ग पर डब्ल्यूबीएम (WBM) सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। शासकीय भूमि के साथ-साथ करीब 55 लोगों ने अपनी निजी जमीन पर भी मुरम डलवाकर सड़क निर्माण में सहयोग किया था। हालांकि, कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने के कारण काम बीच में ही रुक गया। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सड़क निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, रुके हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द दोबारा शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
