छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू टोने के शक में बुजुर्ग की हत्या हुई है। आरोपी दीपक यादव (21) को शक था कि जोयो राम (68) की पत्नी तंत्र-मंत्र करती है, जिससे उसके परिवार में कई सदस्यों को बीमारी हो गई थी। इसी शक में दोनों परिवारों के बीच विवाद था। इसी रंजिश में आरोपी दीपक ने अपने पिता और चाचा के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग की। 29 सितंबर को जोयो राम खेत जा रहे थे, तभी उनके ऊपर बोलेरो चढ़ा दी। सिर पर गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को जोयो राम की मौत की सूचना मिलने पर बगीचा थाने में मर्ग कायम किया गया था। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पंचनामा में सिर, माथे और बाएं पैर पर चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर में लगी चोट और ज्यादा खून बहने को मौत की वजह बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और दूसरे लोगों के बयान लिए। जांच में सामने आया कि जोयो राम की मौत किसी सामान्य सड़क हादसे में नहीं हुई थी। उन्हें जानबूझकर बोलेरो से टक्कर मारी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के रूप में शुरू की। जादू-टोने का शक, दो परिवारों में थी रंजिश जांच में पता चला कि दीपक यादव, उसके पिता कुरसों यादव (44) और चाचा परमेश्वर राम (39) मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने और टोनही होने का आरोप लगाते थे। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन साल से विवाद और रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार, गांव के एक बैगा ने भी जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। परिवार के लोगों की तबीयत खराब होने के लिए भी उसे जिम्मेदार बताया गया था। पुलिस का कहना है कि इसी अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते जोयो राम की हत्या की योजना बनाई गई। खेत में जाने की जानकारी थी पुलिस ने दीपक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष पहले भी जोयो राम की पत्नी को जादू-टोना करने के आरोप में समझाने की कोशिश कर चुका था। 29 सितंबर की दोपहर दीपक, उसके पिता और चाचा ने जोयो राम की हत्या की प्लानिंग की। उन्हें पता था कि जोयो राम मक्के के खेत की तरफ जाते हैं। इसी जगह उन्हें गाड़ी से कुचलकर हत्या करने और घटना को सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई गई। पहले आगे गया, फिर बोलेरो मोड़कर मारी टक्कर पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो (CG 14 MC 5946) लेकर डाहीडांड़ की तरफ गया। उस समय जोयो राम मेन रोड से करीब 5 से 10 मीटर दूर अपने मक्का के खेत के सामने खड़े थे। आरोप है कि दीपक ने पहले बोलेरो को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और फिर तेज रफ्तार से जोयो राम को जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दीपक बोलेरो लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे। बोलेरो जब्त, मुख्य आरोपी जेल भेजा गया पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल बोलेरो को जब्त कर लिया है। आरोपी ने वाहन पुलिस के सामने पेश किया, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई की गई। इस मामले में बगीचा थाने में BNS की धारा 103(1), 61(2) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दीपक यादव के खिलाफ सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के पिता, चाचा और एक बैगा समेत अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है। सभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जशपुर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंधविश्वास या ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून की मदद लें। ………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बच्चा नहीं होने पर प्राइवेट पार्ट में डंडा डाला, मौत: देवर ने जमीन पर पटका, पति-सौतन ने पैर पकड़े; देवरानी बोली- जादू टोना करती थी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बच्चा नहीं होने पर महिला के प्राइवेट पार्ट में डंडा डालकर परिवार वालों ने उसकी जान ले ली। पत्नी और उसकी सौतन के रोज-रोज के झगड़े से पति परेशान था, वहीं देवर देवरानी को शक था कि महिला जादू टोना करती है, इसलिए घर में बच्चा नहीं हो रहा और बीमारी है। जिसके बाद चारों ने मिलकर महिला की जान ले ली। पढ़ें पूरी खबर…
