घर से निकलने से पहले कई बार सेल्फी लेना, मनपसंद फोटो न आने पर रीटेक करना और फिल्टर लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करना। किशोरों में यह आदत अब सिर्फ शौक तक सीमित नहीं है। फोटो पोस्ट करने के बाद वे लगातार लाइक्स और कमेंट्स चेक करते रहते हैं। मनचाही प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उनका मूड खराब हो जाता है। ग्वालियर और झांसी के शोधकर्ताओं ने 13 से 18 साल के 100 स्कूली विद्यार्थियों पर अध्ययन किया। इसमें 99 विद्यार्थियों में सेल्फी लेने की आदत से जुड़े कुछ लक्षण पाए गए। शोध के मुताबिक, 47% विद्यार्थी बॉर्डरलाइन, 45% गंभीर और 7% उच्च जोखिम वाली श्रेणी में थे। 15 से 16 साल के किशोर सबसे ज्यादा प्रभावित मिले। छात्राओं में भी गंभीर श्रेणी के मामले अधिक थे। आखिर किशोरों में यह आदत क्यों बढ़ रही है और अभिभावक इससे कैसे निपटें? पढ़िए रिपोर्ट… दो केस से समझिए, किशोरों में कैसे बढ़ रही सेल्फी की लत केस 1: फोटो पसंद नहीं आई तो पूरा दिन खराब, लाइक्स पर नजर 15 साल की एक छात्रा के लिए सेल्फी लेना रोजमर्रा की आदत बन गया है। वह घर से निकलने से पहले कई बार तस्वीरें खींचती है। पसंद न आने पर दोबारा फोटो लेती है और फिल्टर लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती है। इसके बाद वह लगातार लाइक्स और कमेंट्स चेक करती रहती है। मनचाही प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर निराश हो जाती है और अपनी तस्वीरों की तुलना दूसरी लड़कियों से करने लगती है। धीरे-धीरे उसका ध्यान पढ़ाई और दूसरी गतिविधियों से हटने लगा। केस 2: लाइक्स कम मिले तो बेचैनी, बार-बार पोस्ट चेक करता है छात्र 17 साल का एक छात्र दोस्तों के साथ घूमने, स्कूल के कार्यक्रमों और घर पर भी लगातार सेल्फी लेता है। तस्वीरें पोस्ट करने के बाद वह बार-बार फोन खोलकर लाइक्स और कमेंट्स चेक करता है। दूसरी पोस्ट पर ज्यादा प्रतिक्रिया मिलने पर वह अपनी तस्वीरों को कम पसंद किए जाने की वजह तलाशने लगता है। कभी पोस्ट डिलीट करता है तो कभी नई तस्वीर अपलोड करता है। इस आदत के कारण उसका काफी समय फोन पर बीतता है और पढ़ाई में भी एकाग्रता प्रभावित होती है। 15-16 साल के किशोरों में सेल्फी की आदत के गंभीर लक्षण ज्यादा उम्र और लिंग के आधार पर आंकड़ों का विश्लेषण बताता है कि 15 से 16 साल के किशोरों में गंभीर और उच्च जोखिम वाली श्रेणी के मामले सबसे ज्यादा हैं। छात्राओं में गंभीर लक्षण ज्यादा: सर्वे में शामिल 52 छात्राओं में 28 गंभीर और 5 उच्च जोखिम वाली श्रेणी में थीं। यानी 33 छात्राएं इन दोनों श्रेणियों में शामिल थीं। वहीं 48 छात्रों में 17 गंभीर और 2 उच्च जोखिम वाली श्रेणी में पाए गए। महंगा फोन हो या सस्ता, सेल्फी की आदत से जुड़े लक्षण हर वर्ग में शोध में यह भी सामने आया कि सेल्फी लेने की आदत से जुड़े लक्षणों का परिवार की आर्थिक स्थिति या मोबाइल के ब्रांड से सीधा संबंध नहीं मिला। लाइक्स और कमेंट्स से क्यों मिलती है खुशी? समझिए डोपामीन का खेल वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. सत्यकांत त्रिवेदी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर मिलने वाले लाइक्स और तारीफ भरे कमेंट्स बच्चों के दिमाग में डोपामीन के स्राव से जुड़े रिवॉर्ड सिस्टम को सक्रिय कर सकते हैं। इससे उन्हें कुछ समय के लिए खुशी और संतुष्टि महसूस होती है। इसी अनुभव को बार-बार पाने की इच्छा में कुछ बच्चे सोशल मीडिया के इस्तेमाल का एक दोहराव वाला चक्र विकसित कर लेते हैं। डॉ. त्रिवेदी के मुताबिक, कम आत्मसम्मान, चिंता या अवसाद से जूझ रहे कुछ बच्चे वास्तविक जीवन में पर्याप्त ध्यान नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर स्वीकृति तलाशने लगते हैं। मनचाही प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उनमें बेचैनी, अकेलापन, चिड़चिड़ापन और हीनभावना बढ़ सकती है। कहां और किसने की स्टडी? यह स्टडी 2026 में ‘इंडियन जर्नल ऑफ यूथ एंड एडोलसेंट हेल्थ’ में प्रकाशित हुई। इसका शीर्षक है- ‘An Exploratory Study to Assess the Psychosocial Implications of Selfitis Among School-Going Adolescents in a Selected School of Gwalior, Madhya Pradesh’। शोधकर्ता: अमजद खान, एसोसिएट प्रोफेसर, द एकेडमी ऑफ नर्सिंग साइंसेज एंड हॉस्पिटल, ग्वालियर और प्रो. उमामहेश्वरी पक्किरिसामी, प्रिंसिपल, राघवेंद्र हॉस्पिटल एंड नर्सिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, झांसी। शोध की तारीखें: रिसर्च पेपर 29 जुलाई 2026 को सबमिट हुआ और 20 सितंबर 2026 को स्वीकार किया गया। बच्चों में सेल्फी की आदत को कैसे नियंत्रित करें? विशेषज्ञों के सुझाव शोधकर्ताओं और मनोचिकित्सकों के मुताबिक, बच्चों की इस आदत को नियंत्रित करने के लिए उन्हें डांटना या फोन छीनना पर्याप्त नहीं है। इसके बजाय उन्हें समझाना और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
