बीना शहर के होटल और रेस्टोरेंटों में खाने की क्वालिटी और साफ-सफाई जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। रविवार को अफसरों की टीम ने कई बड़े होटलों की रसोई, स्टोर रूम और खाने-पीने के सामान की जांच की। इस दौरान पनीर, चना मसाला, आटा और चावल के सैंपल लिए गए। जांच के दौरान टीम ने होटल कलश की रसोई और स्टोर रूम को देखा और वहां से पनीर का सैंपल लिया। इसके बाद होटल कार्तिक की जांच की गई, जहां से चना मसाला, आटा और चावल के सैंपल लिए गए। वहीं होटल श्रीराम से भी पनीर का सैंपल लिया गया। होटल श्रीराम में मिली भारी गड़बड़ियां होटल श्रीराम की जांच के दौरान टीम को कई बड़ी कमियां मिलीं। किचन के फर्श पर गंदा पानी भरा था। फ्रिज में पका हुआ और कच्चा खाना एक साथ ठूंसकर रखा गया था। इसके अलावा होटल में फूड लाइसेंस भी नहीं टंगा था। जरूरी कागज न दिखाने पर अफसरों ने संचालक को सुधार नोटिस थमाने की तैयारी कर ली है। साफ-सफाई और नियमों का पालन करने के निर्देश अफसरों ने सभी होटल-रेस्टोरेंट वालों को बारिश के मौसम में खाने-पीने के सामान की खास देखभाल करने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि कच्चे और पक्के खाने को अलग रखें, कर्मचारियों का मेडिकल टेस्ट कराएं, समय-समय पर पेस्ट कंट्रोल कराएं और पानी की लैब रिपोर्ट रखें। रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई लिए गए सभी सैंपलों को जांच के लिए स्टेट फूड लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में किसी भी सैंपल में मिलावट या कमी पाई गई, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले भर में यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
