हरदा में महिला कांस्टेबल से भोपाल के बर्तन दुकान संचालक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में रविवार देर रात पुलिस ने केस दर्ज किया। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने महिला के फोटो खींचकर उसे ब्लैकमेल भी किया और उससे रुपये वसूले। मामले में महिला थाना पुलिस ने भोपाल के बर्तन व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ट्रेन यात्रा के दौरान हुई थी पहचान पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ नर्मदापुरम संभाग में रहती थी। पिता के निधन के बाद उसका हरदा आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान ट्रेन यात्रा में उसकी पहचान छनेरा निवासी एक युवक से हुई, जो भोपाल में बर्तनों का व्यवसाय करता है। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। युवक ने शादी का प्रस्ताव दिया। बाद में वह महिला को अपने भाई की शादी में भी ले गया, जहां परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात कराई गई। आपत्तिजनक फोटो लेकर किया ब्लैकमेल पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 3 अप्रैल को आरोपी महिला के किराए के मकान पर पहुंचा और उसके साथ संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें भी ले लीं। इसके बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया। वह महिला पर शक करने लगा और उससे लगातार संपर्क करने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने बातचीत कम कर दी तो आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके रिश्तेदार के मोबाइल पर भेज दीं। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया। 4 लाख रुपये वसूलने का आरोप महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूल लिए। विरोध करने पर उसने मारपीट करने और वर्दी की बेल्ट से हमला करने की कोशिश भी की। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
