रीवा में कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने मंगलवार को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। विधायक ने कहा कि भाजपा वालों ने हमारे राहुल गांधी को पप्पू बताया था, लेकिन अब हमारे पप्पू ने मोदी जी को गप्पू बना दिया है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। अभय मिश्रा ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आम आदमी लगातार महंगाई की मार झेल रहा है। चीनी के दाम 75 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गए हैं। रोजमर्रा की जरूरत की लगभग हर चीज महंगी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के दावों और आम आदमी की वास्तविक स्थिति में काफी अंतर है। रीवा में जलभराव के लिए नेताओं और अफसरों को बताया जिम्मेदार कांग्रेस विधायक ने रीवा में बारिश के बाद बने बाढ़ और जलभराव के हालात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के झरिया नाले में नेताओं ने कब्जे करवाए और नाले का स्वरूप बिगाड़ दिया। उन्होंने कहा कि जब पानी निकासी के प्राकृतिक रास्ते बंद कर दिए जाएंगे तो बारिश के दौरान शहर में पानी भरना स्वाभाविक है। उनके मुताबिक, रीवा में बाढ़ के लिए सिर्फ बारिश को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। इसके पीछे नेताओं और अधिकारियों की भूमिका भी है। सही ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाता तो नहीं भरता पानी
अभय मिश्रा ने कहा कि यदि समय रहते नालों और पानी निकासी के रास्तों से अतिक्रमण हटाया जाता और व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाता तो शहर को मौजूदा हालात का सामना नहीं करना पड़ता। अभय मिश्रा पहले भी अपने राजनीतिक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। इस बार राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी को लेकर उनकी ‘पप्पू-गप्पू’ टिप्पणी चर्चा में है।
