Homeदेशसुप्रीम कोर्ट बोला- राजनीति रोकना हमारा काम नहीं:नेताओं को उनका एजेंडा उठाने...

सुप्रीम कोर्ट बोला- राजनीति रोकना हमारा काम नहीं:नेताओं को उनका एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं; मामला CJI की बेंच को ट्रांसफर

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राजनीतिक नेताओं के बयानों से न्याय व्यवस्था में बाधा पड़ने का आरोप लगाने वाली याचिका पर सुनवाई की। इस दौरान कोर्ट ने टिप्पणी की- राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं? जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की बेंच ने मामले को उस बेंच के सामने रखने को कहा, जो CJI सूर्यकांत के खिलाफ वकील की आपत्तिजनक टिप्पणी पर अवमानना मामले की सुनवाई कर रही है। मामला क्या था… यहे याचिका दो वकीलों ने दायर की है। उनका आरोप है कि कुछ राजनेताओं और अन्य लोगों के बयानों ने न्याय के प्रशासन में बाधा डाली है। याचिका में केंद्र सरकार, चुनाव आयोग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य पक्षकार बनाए गए हैं। इनकी तरफ से सीनियर वकील गौरव भाटिया ने दलील रखीं। उन्होंने कहा- ये मामला सिर्फ एक बयान का नहीं, बड़े मुद्दे का है। सुनवाई में क्या-क्या हुआ- 5 बड़ी बातें 1. भाटिया ने CJI वाली घटना का जिक्र किया: भाटिया ने कहा “कोर्ट एक घटना से पहले से ही सब जानते हैं। ये सीधे तौर पर न्यायपालिका को प्रभावित करता है। इस याचिका के दायर होने के बाद दो और घटनाएं हो चुकी हैं। ये गंभीर मुद्दा है।” उन्होंने उस घटना का जिक्र किया, जिसमें एक वकील ने कोर्टरूम में CJI सूर्यकांत के खिलाफ असभ्य टिप्पणी की थी। 2. बेंच ने पूछा- राजनीतिक दलों को कैसे रोकें: जब भाटिया ने कहा कि मामला बड़े मुद्दे का है, तो बेंच ने पूछा- राजनीतिक दलों को कैसे रोकें? जब भाटिया ने कहा — “मामला राजनीतिक दलों का नहीं है”, तो बेंच ने पलटकर पूछा- “फिर आपने सब कुछ एक साथ क्यों जोड़ दिया है?” 3. भाटिया ने कहा- सवाल न्याय में बाधा का है: भाटिया ने कहा- “देखना ये है कि क्या आप न्याय के प्रशासन में बाधा डाल सकते हैं?” उन्होंने कहा- एक राजनीतिक व्यक्ति से भी जिम्मेदारी से काम करने की उम्मीद की जाती है। 4. बेंच ने कहा- संसद में जाइए, कानून बनवाइए: बेंच ने कहा – “आप इसे संसद में क्यों नहीं उठाते? आप कानून बनवा लीजिए।” यानी बेंच का इशारा था-अगर आपको लगता है कि ऐसे बयानों पर रोक लगनी चाहिए, तो इसका रास्ता कोर्ट नहीं, संसद है। कोर्ट राजनीतिक दलों के एजेंडे पर रोक नहीं लगा सकता। 5. बेंच ने मामला CJI वाली बेंच को भेजने का फैसला किया: भाटिया ने बताया कि CJI के खिलाफ टिप्पणी वाले मामले में अवमानना का केस दूसरी बेंच के सामने लंबित है। इस पर बेंच ने कहा- “हमारा मानना है कि ये मामला भी उसी बेंच के सामने रखना उचित होगा। रजिस्ट्री कागजात CJI के सामने रखे, ताकि उचित आदेश पारित हो सके।” CJI और न्यायपालिका पर टिप्पणियों से जुड़े अन्य मामले 18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने एक वकील के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी किया था। यह याचिका सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने दायर की थी। इसमें CJI के खिलाफ वकील की आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई थी। एक अलग मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले को आपराधिक अवमानना कार्यवाही में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यह कार्यवाही CJI और न्यायपालिका से जुड़ी उनकी टिप्पणियों को लेकर शुरू की गई थी। 2 सांसदों को भी नोटिस जारी किया एक अन्य मामले में, सुप्रीम कोर्ट ने 16 अक्टूबर को शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया। यह नोटिस CJI और न्यायपालिका के बारे में उनकी टिप्पणियों को लेकर शुरू की गई आपराधिक अवमानना ​​कार्यवाही के तहत दिया गया है। पूरे मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने असल में क्या कहा, ऐसे समझें… 1. कोर्ट ने राजनीतिक दलों को क्लीन चिट नहीं दी है: बेंच ने ये नहीं कहा कि नेता कुछ भी बोल सकते हैं। बेंच ने ये कहा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से रोकना कोर्ट का काम नहीं है। ये अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र का सवाल है। अगर कोई दल SIR, वोटर लिस्ट या किसी नीति पर सवाल उठाता है, तो उसे कोर्ट रोक नहीं सकता। 2. कोर्ट ने न्याय में बाधा और राजनीतिक एजेंडा को अलग किया: बेंच का पूरा जोर इस बात पर था राजनीतिक एजेंडा उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। न्याय के प्रशासन में बाधा डालना अपराध/अवमानना हो सकती है। यानी अगर कोई नेता कोर्ट के बाहर प्रदर्शन करता है, तो वो राजनीति है, और अगर कोई वकील कोर्टरूम में जज को गाली देता है, या कोई नेता जज को धमकाता है, तो वो न्याय में बाधा है। याचिका की कमजोरी यही थी कि उसने दोनों को एक साथ जोड़ दिया था। बेंच ने उसी पर सवाल उठाया। 3. कोर्ट ने रास्ता संसद की तरफ मोड़ा: बेंच ने कहा अगर आपको लगता है कि ऐसे बयानों पर नया कानून बनना चाहिए, तो संसद में जाइए। ये सुप्रीम कोर्ट की पुरानी सोच है कोर्ट कानून नहीं बनाता, कोर्ट कानून की व्याख्या करता है। नया अपराध तय करना संसद का काम है। 4. अब सारे मामले एक साथ सुने जाएंगे: अब ये याचिका, CJI वाली घटना का अवमानना मामला, और राउत-वागले वाला मामला सब एक ही दिशा में जा रहे हैं। CJI तय करेंगे कि ये सब जस्टिस दत्ता वाली बेंच के सामने एक साथ सुने जाएं या अलग-अलग। इससे ये होगा कि एक ही मुद्दे पर अलग-अलग बेंच के अलग-अलग आदेश नहीं आएंगे। न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर एक ही मानक तय होगा 5. राजनीतिक असर: विपक्ष के लिए कोर्ट की ये टिप्पणी राहत जैसी है, क्योंकि कोर्ट ने साफ कहा कि विपक्ष को अपना एजेंडा उठाने से नहीं रोका जा सकता। सत्ता पक्ष / याचिकाकर्ताओं के लिए कोर्ट ने ये भी साफ किया कि कोर्टरूम में असभ्य व्यवहार और न्याय में बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उस पर अवमानना की कार्रवाई होगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here