केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 18 अगस्त की रात नीमच, चित्तौड़गढ़ और मंदसौर-जावरा रोड पर तीन अलग-अलग छापे मारे। इन कार्रवाइयों में 15 क्विंटल (1,497 किलो) से ज्यादा पोस्ता भूसा और करीब 25 हजार नशीली गोलियां पकड़ी। मौके से तीन तस्करों को पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। सीबीएन बुधवार रात बताया कि भरभड़िया-नीमच रोड पर टीम ने घेराबंदी करके एक टाटा पंच कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें रखे दो बक्सों से एल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की कुल 24,895 प्रतिबंधित नशीली गोलियां मिलीं। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बलेनो कार से पोस्ता भूसा जब्त, बाइक सवार फरार मिरचखेड़ी-मंगलवाड़ मार्ग पर सीबीएन ने एक बलेनो कार को रोका। इसमें 5 बोरियों में भरा 64.840 किलो पोस्ता भूसा मिला। कार को रास्ता दिखा रहा पैशन प्रो बाइक सवार अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, लेकिन बलेनो चलाने वाले को अधिकारियों ने पकड़ लिया। तेल के टैंकर में गुप्त केबिन बनाकर ले जा रहे थे भूसा मंदसौर-जावरा मार्ग पर राजस्थान नंबर के एक इंडियन ऑयल टैंकर को रोका गया। जांच में टैंकर के अंदर लोहे की शीट और जाली के नीचे एक गुप्त केबिन मिला, जिसमें 71 बोरियों में छिपाकर रखा 1,432.680 किलो पोस्ता भूसा मिला। भागने की कोशिश कर रहे टैंकर ड्राइवर को अधिकारियों ने खदेड़कर पकड़ लिया। सीबीएन का इस साल 101 केस दर्ज करने का रिकॉर्ड इन तीन कार्रवाइयों के साथ ही सीबीएन की मध्य प्रदेश यूनिट ने इस साल 101 केस दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाया है। यह लगातार चौथा साल है जब ब्यूरो ने 100 से ज्यादा मामले दर्ज किए हैं। इस साल अब तक 4 अवैध ड्रग फैक्ट्रियां तबाह की जा चुकी हैं और 158 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
