सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक ड्राइवर पर आधी रात को लोहे की पाइप से हमला कर 53,600 रुपए लूट लिए। घायल का आरोप है कि वह गुरुवार सुबह से ही अमिलिया थाने में इंसाफ के लिए बैठा है, लेकिन पुलिस ने अब तक उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की है। मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। लोहे की पाइप से 37 बार हमला किया पीड़ित मोहम्मद शेख अंसारी ने बताया कि बुधवार रात गुजरात से सिंगरौली की तरफ स्टील पावर प्लांट का सामान लेकर जा रहा था। इस दौरान रात करीब 12 बजे दो युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने उस पर लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ 37 बार वार किए। इस जानलेवा हमले में अंसारी के सिर, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि हाथ की एक उंगली भी फ्रैक्चर हो गई है। शनि और रवि नाम से पुकार रहे थे आरोपी अंसारी ने बताया कि वह हमलावरों को पहले से नहीं जानता था, लेकिन मारपीट के दौरान वे दोनों एक-दूसरे को शनि और रवि नाम से पुकार रहे थे। पीड़ित का आरोप है कि बेरहमी से पीटने के बाद आरोपियों ने उसके पास रखे 53,600 रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी बोले- जानकारी नहीं, जांच कर करेंगे कार्रवाई लूट और हमले का शिकार हुआ ड्राइवर गुरुवार सुबह जैसे-तैसे अमिलिया थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित का कहना है कि घंटों बीत जाने के बाद भी उसकी शिकायत पर केस दर्ज नहीं किया गया। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया- इस मामले की अभी कोई जानकारी नहीं है। जैसे ही आवेदन मिलेगा, उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
