मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को करा दिया फीलगुड
मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कुछ सेकंड के लिए प्रमोशन कर दिया। उन्हें मुख्यमंत्री से सीधे ‘प्रधानमंत्री’ बना दिया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा- हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोहन यादव जी…। हालांकि अगले ही पल अपनी गलती सुधारते हुए बोले- हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पास में खड़े सीएम मोहन यादव भी हल्की मुस्कान दबाते नजर आए। अब राजनीतिक गलियारों में चुटकी ली जा रही है कि भले ही कुछ सेकंड के लिए, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को फीलगुड करा दिया। वैसे भी भाजपा अपने राजनीतिक सरप्राइज और चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है। भाजपा की ये खासियत है कि यहां किसी को भी, कभी भी, कुछ भी बनाया जा सकता है। ऐसा ही एक बड़ा सरप्राइज तब भी मिला था, जब मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया था। ‘सोशल वर्क’ की परीक्षा दे रही खंडवा विधायक कंचन तन्वे
नेता अक्सर कहते हैं कि वे राजनीति में समाज सेवा करने आए हैं। सोशल वर्क करने आए हैं, लेकिन खंडवा से भाजपा विधायक कंचन तन्वे सोशल वर्क की पढ़ाई कर रही हैं। इन दिनों वे एमएसडब्ल्यू (मास्टर इन सोशल वर्क) की परीक्षा दे रही हैं। परीक्षा के पहले उनकी बेटी ने उन्हें शुभकामना के तौर पर दही-शक्कर खिलाया। इसके बाद विधायक कंचन तन्वे परीक्षा केंद्र पहुंचीं और दूसरे स्टूडेंट्स के साथ परीक्षा हॉल में बैठकर परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद कंचन तन्वे ने कहा- शिक्षा वो शेरनी का दूध है, जो पिएगा वो दहाड़ेगा। पढ़ाई से हमारा अनुभव बढ़ेगा और नॉलेज भी बढ़ेगा। विधायक के परीक्षा देने की तस्वीरें और वीडियो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी पढ़ाई जारी रखने के फैसले की सराहना भी कर रहे हैं। वैसे राजनीति में पास होने के लिए जनता की परीक्षा देनी पड़ती है। इसमें सोशल वर्क कॉपियों में नहीं जमीन पर उतारना पड़ता है। जिसे देखकर जनता ही नेताओं को नंबर देती है और उनकी मार्कशीट बनाती है। मंत्री के घर पर जनसुनवाई, निजी आवास पर लगेगा दरबार
मध्य प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पब्लिक कनेक्ट का नया मॉडल लॉन्च किया है। उन्होंने हर शनिवार अपने निजी आवास पर जनसुनवाई करने की शुरुआत की है। मतलब आम लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर मंत्री के सरकारी कार्यालय की बजाय उनके निजी निवास पर पहुंचेंगे। वहीं अधिकारी और कर्मचारी भी अपने सरकारी दफ्तर छोड़कर हर शनिवार मंत्री के घर पर ड्यूटी बजाएंगे। हालांकि जनता की सुनवाई होना अच्छी बात है। लेकिन सरकारी काम प्राइवेट एड्रेस पर हो, ये थोड़ा अटपटा है। प्रोटोकॉल के उलट जा रहा है। अब अधिकारी-कर्मचारी क्या करें, मंत्री का आदेश है, मानना तो पड़ेगा ही। वैसे लोग ये सलाह भी दे रहे हैं कि मंत्री जी जनता के दुख-दर्द दूर करना चाहते हैं तो अपने घर पर दरबार लगाने की बजाय जनता के दर पर पहुंचना चाहिए। खुद सीएम भी मंत्रियों और अधिकारियों को गांवों में जनता के बीच जाने, उनकी समस्याएं सुनने और उनके बीच रात बीताने की सलाह दे चुके हैं। और अब अंदर की बात..
‘मामा कोचिंग’ के बाद अब कांग्रेस नेता ला रहे ‘कोचिंग’
मध्य प्रदेश में ‘मामा कोचिंग’ के बाद अब कांग्रेस के एक बड़े नेता ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म शुरू करने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने एक प्रोफेशनल कंपनी से बाकायदा सलाह-मशविरा किया है। मॉडल से लेकर खर्चे तक पर विस्तार से चर्चा हो चुकी है। खबर है कि कंपनी ने पूरा प्रपोजल तैयार कर नेता जी को सौंप भी दिया है। अब बस अंतिम मंजूरी का इंतजार है। बताया जा रहा है कि आदिवासी समाज से आने वाले ये नेता फिलहाल एक बड़े संवैधानिक पद पर हैं। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कोचिंग का यह प्रोजेक्ट सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए युवाओं से सीधा जुड़ाव बनाने और अपना जनाधार मजबूत करने की रणनीति भी तैयार की जा रही है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), सावन राजपूत (खंडवा), कैलाश दुबे (दमोह) ये भी पढ़ें –
स्कूल में बंदूक ले आया टीचर, निशाना लगाते पोज दिए: कांग्रेस नेताओं से बोले शिवराज- आओ गले लगो गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल का वीडियो सामने आया है, जिसने स्कूलों की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक शिक्षक स्कूल परिसर में बंदूक के साथ नजर आ रहा है। आरोप है कि शिक्षक ने धौंस जमाने के लिए बंदूक का प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें
