पोहरी विधानसभा क्षेत्र की सरकूला मध्यम सिंचाई परियोजना समय सीमा में पूरी नहीं हो पा रही है। 6 साल में बांध का काम सिर्फ 20% ही हो पाया है। बांध का काम पूरा करने के लिए ठेकेदार के पास महज 6 सप्ताह बचे हैं। काम की धीमी रफ्तार के कारण क्षेत्र के किसानों की 41 हजार बीघा से अधिक जमीन रबी सीजन में भी असिंचित रह जाएगी। जानकारी के मुताबिक पोहरी की सरकूला मध्यम सिंचाई परियोजना अक्टूबर 2018 में मंजूर हुई। टेंडर प्रक्रिया के जरिए राजकमल बिल्डर्स, इंदौर को 28 अगस्त 2020 को वर्क ऑर्डर जारी हुआ। 27 फरवरी 2025 तक सिंचाई प्रोजेक्ट का काम पूरा कराना था। लेकिन पुन: संरक्षण, फॉरेस्ट एनओसी, पर्यावरण अनुमति के चलते प्रोजेक्ट के काम में देरी हुई। इस कारण 23 अक्टूबर 2020 से बांध का कार्य प्रारंभ हुआ। लेकिन 1 जुलाई की स्थिति में ठेकेदार बांध का 20% ही बना पाया है। जबकि बांध सहित नहर का कार्य 21 अगस्त 2026 तक पूरा करना है। यानी 6 सप्ताह में 80% बांध बनना किसी भी सूरत में मुमकिन नजर नहीं आ रहा है।
