इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी पुनीत भट्ट और उनकी पत्नी डॉ. इंद्रा भट्ट के बीच चल रहे विवाद में अब दोनों की निजी चैट सामने आई है। चैट में डॉ. इंद्रा खुद को घर से निकाले जाने, अपनों से मिले धोखे और मानसिक तनाव का जिक्र करती नजर आ रही हैं, जबकि पुनीत भट्ट उन्हें दिलासा देते हुए लिखते हैं कि “गणेश जी सब ठीक करेंगे” और “सब मैनेज हो जाएगा”। डॉ. इंद्रा का आरोप है कि उनके खिलाफ साजिश रचकर झूठा मामला दर्ज कराया गया और बाद में उन्हें घर से बाहर कर दिया गया। वहीं, पुनीत भट्ट का कहना है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। आधी रात की चैट आई सामने सामने आई व्हाट्सएप चैट में डॉ. इंद्रा ने पति से पूछा कि क्या उन्हें उनकी याद आती है। जवाब में पुनीत भट्ट ने लिखा, “भूलता ही नहीं, मेरे जीवन का सबसे खराब समय चल रहा है।” बातचीत के दौरान डॉ. इंद्रा ने लिखा कि उन्हें अपने ही घर से निकाल दिया गया और वह इस सदमे से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। इस पर पुनीत भट्ट ने जवाब दिया, “गणेश जी सब ठीक करेंगे, अपन ने किसी का कभी बुरा नहीं किया।” जब डॉ. इंद्रा ने केस और जेल जाने की आशंका जताई तो पुनीत ने उन्हें आश्वस्त करते हुए लिखा, “सब मैनेज हो जाएगा।” यह पूरी चैट देर रात 02:49 से 03:04 बजे तक हुई। डॉ. इंद्रा ने लगाए साजिश के आरोप डॉ. इंद्रा का आरोप है कि सितंबर 2025 में उनके खिलाफ बहू के पेट में लात मारने का झूठा आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि पहले परिवार के सदस्य घर छोड़कर चले गए और बाद में उन्हें भी घर से बाहर कर दिया गया। उनके अनुसार 20 सितंबर को पुलिस के जरिए उन्हें थाने बुलाया गया और इसी दौरान पीछे से घर के ताले बदल दिए गए। इसके बाद उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। ‘सब ठीक होगा’ कहते रहे, फिर भेज दिए तलाक के कागज डॉ. इंद्रा का दावा है कि घर से निकाले जाने के बाद भी 20 से 26 सितंबर तक पुनीत भट्ट लगातार फोन और मैसेज के जरिए उन्हें भरोसा दिलाते रहे कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन 27 सितंबर को अचानक उन्हें आपसी सहमति से तलाक (म्यूचुअल डिवोर्स) के दस्तावेज भेज दिए गए। डॉ. इंद्रा का आरोप है कि उनसे कहा गया कि यदि वे तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर कर देंगी तो उनके खिलाफ दर्ज केस वापस ले लिया जाएगा। पैसों की मांग के आरोपों को बताया झूठा डॉ. इंद्रा का कहना है कि जब उन्होंने अप्रैल 2026 में महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई और मामला सार्वजनिक हुआ, तब उनके खिलाफ प्रॉपर्टी और पैसों की मांग करने के आरोप लगाए गए। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया है। कोर्ट में चल रहा है मामला डॉ. इंद्रा और पुनीत भट्ट की शादी मई 2025 में हुई थी। महिला की शिकायत पर पुनीत भट्ट और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अगली सुनवाई 18 जून को प्रस्तावित है।
