सतलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार रात करीब 9:30 बजे प्रथम ढाबे के पास हाईवे पर भोपाल से औबेदुल्लागंज की ओर जा रही नंदन बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। हादसे में चालक समेत कई यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी, सुनील वर्डे सहित पुलिस जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। एक घंटे में ड्राइवर को निकाला भोपाल से बालाघाट जा रही बस में चालक मुकेश ठाकुर (45, निवासी जिला सिवनी) केबिन में ही बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कटर की मदद से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए भोपाल भेजा। सिविल अस्पताल में इलाज किया गया हादसे की सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. शलभ तिवारी, डॉ. विवेक नागर, डॉ. पिंकी और डॉ. अनामिका जैन अपनी टीम के साथ घायलों के पहुंचने से पहले ही अस्पताल में सभी तैयारियां पूरी कर चुके थे। डॉक्टरों की इस मुस्तैदी से घायलों को समय पर प्राथमिक इलाज मिल सका। चार गंभीर घायलों को भोपाल किया गया रेफर डॉ. शलभ तिवारी ने बताया कि प्राथमिक इलाज के बाद चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भोपाल रेफर किया गया है। घायलों में जानकी बट्टे (42, निवासी बालाघाट), फरीदा (45, निवासी बैहर-बालाघाट), काजल (26, निवासी बालाघाट) और जैस्मीन (30, निवासी मोहापा, नागपुर) शामिल हैं। इन चारों के चेहरे, हाथ और आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी सर्जरी की आवश्यकता हो सकती है। बताया जा रहा है कि घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे हाईवे पर फिसलन होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। सतलापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
