सतना में मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने पीएमश्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. एससी राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। छात्रा के साथ अनुचित वार्तालाप, पद के दुरुपयोग, अमर्यादित आचरण और लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। इसी मामले में निलंबन की फाइल को करीब सात महीने तक लंबित रखने वाले सहायक ग्रेड-3 हर्ष रावत को भी निलंबित किया गया है। जांच रिपोर्ट में डॉ. राय पर लगे आरोप सही पाए गए उच्च शिक्षा विभाग की ओर से 7 अगस्त को जारी आदेश के मुताबिक, क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग ने पूरे मामले की जांच की थी। जांच में डॉ. एससी राय के खिलाफ लगाए गए आरोप सही पाए गए। जांच में डॉ. राय पर पद के दुरुपयोग, अमर्यादित आचरण और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप सामने आए। जांच रिपोर्ट के आधार पर उच्च शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। छात्रा से बातचीत का वीडियो हुआ था वायरल डॉ. एससी राय के खिलाफ उच्च शिक्षा विभाग में शिकायतें दर्ज की गई थीं। छात्रा से बातचीत का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। इसके अलावा कॉलेज में ‘सिक रूम’ को लेकर भी एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद पांडेय के नेतृत्व में लगातार आंदोलन किए गए थे। इन शिकायतों और जांच के आधार पर विभाग ने अब निलंबन की कार्रवाई की है। निलंबन की मंजूरी फरवरी में ही मिल गई थी मामले में मंत्रालय स्तर पर हुई देरी का भी खुलासा हुआ है। शासन के दूसरे आदेश के अनुसार, डॉ. राय को निलंबित करने के लिए 17 फरवरी को ही प्रशासनिक अनुमोदन प्राप्त हो गया था। इसके बावजूद संचालनालय उच्च शिक्षा, भोपाल में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 हर्ष रावत ने निलंबन आदेश जारी नहीं किया। सात महीने तक फाइल लंबित रखने का आरोप शासन के मुताबिक हर्ष रावत ने स्वीकृति के अनुरूप निलंबन आदेश का मसौदा प्रस्तुत करने के बजाय फाइल पर विपरीत टिप्पणी दर्ज की। इसके चलते पूरा प्रकरण करीब सात महीने तक अनावश्यक रूप से लंबित रहा। शासन ने इस आचरण को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और स्वेच्छाचारिता का परिचायक माना है। इसके बाद हर्ष रावत को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। दोनों का मुख्यालय तय निलंबन अवधि में डॉ. एससी राय का मुख्यालय क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग, रीवा निर्धारित किया गया है। वहीं हर्ष रावत का मुख्यालय संचालनालय, उच्च शिक्षा, भोपाल रहेगा।
