मध्य प्रदेश के देवास जिले में शुक्रवार को बैतूल PWD के एसडीओ दरयाव सिंह परमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपने परिवार को लेने धार जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार और लोहे के ढांचे से टकरा गई। हादसे में सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हरदा-इंदौर हाईवे पर कन्नौद से लगभग 4 किलोमीटर पहले हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दरयाव सिंह परमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायल दरयाव सिंह परमार को तत्काल कन्नौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर्स ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह घर से धार के लिए रवाना हुए थे एसडीओ वे शुक्रवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच घर से धार के लिए रवाना हुए थे। हादसे के कारणों और मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद हो सकेगी। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हादसे के समय वाहन में कोई चालक मौजूद था या दरयाव सिंह परमार स्वयं बोलेरो चला रहे थे। 2021 में देवास से बैतूल आए थे दरयाव सिंह परमार वर्ष 2021 में देवास से स्थानांतरित होकर बैतूल आए थे। वर्तमान में वे लोक निर्माण विभाग में एसडीओ के पद पर पदस्थ थे। उनकी मौत की खबर से विभाग में शोक का माहौल है। सहकर्मियों और विभागीय कर्मचारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पत्नी, बेटे और बेटी को छोड़ गए दरयाव सिंह परमार अपने पीछे पत्नी, 7 वर्षीय पुत्र और 12 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक परिजन कन्नौद नहीं पहुंच सके थे। अस्पताल की तीन तस्वीरें… पुलिस जांच में जुटी, कन्नौद में होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कन्नौद में कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
