छत्तीसगढ़ में शुक्रवार रात दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला मामला कोरबा के गोपालपुर का है, जहां तेज रफ्तार बुलेट ने जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम बंद करने पड़े। इसमें एक अन्य महिला और बुलेट सवार तीन युवक घायल हुए हैं। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरा मामला अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक का है। यहां जगराता कार्यक्रम के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी में बुलेट सवार युवक का गला फंस गया। श्वासनली कटने से उसकी मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना से नाराज परिजन और समुदाय के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पहले देखिए तस्वीरें… केस 1 – बुलेट ने महिलाओं को रौंदा, दो की मौत जानकारी के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे गोपालपुर की 7 से 9 महिलाएं मादर, थाप और ढोल लेकर गांव के पास स्थित ठाकुर देवता स्थल पर कीर्तन-भजन और जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बुलेट पर सवार तीन युवक वहां से गुजरे। बताया जा रहा है कि बुलेट अनियंत्रित हो गई और महिलाओं की टोली को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन महिलाएं बुलेट की चपेट में आ गईं। इनमें से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर की रहने वाली थीं और आपस में रिश्तेदार बताई जा रही हैं। वहीं, बुलेट चला रहा राहुल नाम का युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद जगराता कार्यक्रम बंद बुलेट पर पीछे बैठे दो अन्य युवकों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोपालपुर में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम को बंद करना पड़ा। त्योहार के बीच हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस कर रही मामले की जांच कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल और निजी अस्पताल से सड़क हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। इसके आधार पर बयान दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दर्री-गोपालपुर में तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं को टक्कर मारी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। केस 2 – सड़क पर बंधी रस्सी से कटी श्वासनली जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक में दुर्गा पंडाल के पास जगराते का आयोजन किया गया था। इसके लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच सड़क पर आवागमन रोकने के लिए दोनों ओर बांस गाड़कर मोटी रस्सी बांधी गई थी। आगे यातायात विभाग की बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी। 16 अक्टूबर की रात मायापुर निवासी फैजान आलम अपने साथी समीर के साथ बुलेट से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। बताया जा रहा है कि सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं देने के कारण वह सीधे उससे टकरा गया। रस्सी फैजान के गले में फंस गई और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे में फैजान और उसका साथी समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। समीर का इलाज जारी है। मृतक के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। हंगामे के बाद जगराता बंद कराया घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जयस्तंभ चौक पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया। परिजन और मुस्लिम समुदाय के लोग थाने पहुंचे और आयोजन समिति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों पर FIR पुलिस ने आयोजन समिति के सुरेश कन्नौजिया, संदीप अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया था। ………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… सड़क हादसे में BJP विधायक के भाई समेत 3 मौतें: मॉर्निंग वॉक पर अज्ञात वाहन ने रौंदा; बलौदाबाजार में 3 भाइयों ने तोड़ा दम छत्तीसगढ़ में 2 अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हुई है। मुंगेली जिले में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीनों लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, बुधवार रात बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 3 लड़कों की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…
