जेवर गिरवी रखे, भैंस बेची और किसी ने रिश्तेदारों से उधार लेकर पैसा लगाया। वजह थी 40 दिन में रकम दोगुनी होने का लालच। भिंड में ऑरोरा एक्स कंपनी ने लोगों को इसी सपने के साथ जोड़ा। पहले मुनाफा दिया, भरोसा जीता और फिर हजारों लोगों से करोड़ों रुपए जुटा लिए। लोगों का विश्वास जीतने के लिए बड़े-बड़े सेमिनार हुए। संतों से कार्यालय का उद्घाटन कराया गया। राजनीतिक लोगों को भी बुलाया गया, लेकिन 14 अक्टूबर को अचानक पैसे निकलने बंद हो गए। एप में जमा पूंजी माइनस में दिखने लगी। देखते ही देखते कमाई का सपना देखने वाले लोग अपनी ही रकम के लिए परेशान हो गए। शिकायत के बाद संचालकों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पढ़िए, ऑरोरा एक्स कंपनी की शुरुआत से लेकर उसके खेल और फिर संचालकों के भागने की पूरी कहानी … रेत ढुलाई से निवेश के खेल तक पहुंचा नीतेश भिंड के बबाई थाना क्षेत्र में रहने वाला नीतेश तोमर पहले रेत परिवहन का काम करता था। वह ट्रैक्टरों से रेत ढुलाई करता था। इससे उसे रोजाना एक से दो हजार रुपए तक की कमाई होती थी। अगस्त में उसका संपर्क दिल्ली के कुछ लोगों से हुआ। इसके बाद उसने ऑरोरा एक्स प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश का काम शुरू किया। सबसे पहले उसने अपने करीबी लोगों के साथ बैठक की। उन्हें बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर कुछ हजार रुपए लगाकर रोज मुनाफा कमाया जा सकता है। 40 दिन में रकम दोगुनी होने का दावा भी किया गया। लोगों को यह भी बताया गया कि कंपनी संपत्ति में निवेश करती है। विदेशी करेंसी में मुनाफा कमाकर निवेशकों को भुगतान करती है। करीब 25 हजार रुपए लेकर खाते खोले जाते थे कारोबार में ज्यादातर रकम नकद ली जाती थी। शुरुआत में करीब 25 हजार रुपए लेकर खाते खोले जाते थे। निवेशकों को बताया जाता था कि ऐप में दिख रही रकम उनके खाते में ट्रांसफर हो सकती है। शुरुआत में जुड़े कुछ लोगों को अच्छा मुनाफा मिलने की चर्चा फैलने लगी। कुछ लोगों ने इसी कमाई से जमीन और खेत तक खरीद लिए। यह देखकर दूसरे लोग भी आकर्षित होने लगे। पिछले तीन महीनों में निवेश करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी। नए निवेशक जोड़ने पर मिलता था अलग मुनाफा ऑरोरा एक्स से जुड़ने के बाद लोगों को अपने रिश्तेदारों, परिचितों और दोस्तों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए कहा जाता था। नए निवेशक जोड़ने पर अलग से मुनाफा देने का लालच दिया जाता था। इस तरह कंपनी का नेटवर्क लगातार बढ़ता गया। कुछ निवेशक तो दूसरों को उनकी रकम वापस मिलने की गारंटी तक देने लगे। इससे नए लोगों का भरोसा और बढ़ा। बताया जाता है कि नीतेश तोमर ने ऑरोरा एलएलपी के नाम से एक फर्म का पंजीयन भी कराया था। हालांकि, उसका इस्तेमाल ऑरोरा एक्स प्लेटफॉर्म के काम के लिए किया जा रहा था। छवि बनाने संतों से लेकर नेताओं तक को बुलाया लोगों को जोड़ने के लिए ऑरोरा एक्स के स्थानीय संचालकों ने शुरुआत से ही खास ध्यान रखा। कंपनी की पहचान बनाने के लिए हाउसिंग कॉलोनी में कार्यालय खोला गया। इसका उद्घाटन संत कालीदास महाराज और चिलौंगा वाले महाराज जैसे संतों से करावाया। अलग-अलग होटलों में सेमिनार किए गए। इनमें स्थानीय संचालक नीतेश तोमर और उसके सहयोगी लोगों को निवेश के फायदे बताते थे। समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया के बड़े भाई देवेन्द्र सिंह भदौरिया जैसे राजनीतिक लोगों को भी बुलाया गया। इन आयोजनों से लोगों के बीच कंपनी की अच्छी छवि बनने लगी। देवेंद्र का कहना है कि मसूरी गांव के स्कूल में बच्चों को चैरिटी किए जाने को लेकर कुछ लोग मेरे पास आए थे। मैं गया था, छात्रों को पाठ्य-पुस्तक सामग्री बांटी गई थी। वहां नीतेश तोमर से मुलाकात हुई। तब मुझे इस तरह की कोई जानकारी नहीं थी। लोग बुलाते रहते हैं, तो चले जाते हैं। इसके अलावा कोई लेना-देना नहीं है। पहले छोटी रकम लौटाई, फिर बढ़वाते गए निवेश शुरुआत में लोगों से 10 से 20 हजार रुपए निवेश कराए गए। उन्हें ऑरोरा एक्स का ऐप डाउनलोड कराया जाता था। इस ऐप में निवेश की रकम के बदले डॉलर में बैलेंस दिखाई देता था। साथ ही हर दिन मुनाफा बढ़ता हुआ नजर आता था। कुछ लोगों ने अपनी शुरुआती रकम भी निकाल ली। इससे उन्हें कंपनी पर भरोसा होने लगा। इसके बाद वे बड़ी रकम लगाने लगे। कंपनी की ओर से दावा किया जाता था कि एप में AI के जरिए रोज मुनाफा कमाया जाता है। निवेशकों को बताया जाता था कि एक कॉइन की कीमत 105 रुपए है। इसी हिसाब से उनके खाते में बैलेंस दिखाया जाता था। लोगों को जोड़ने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाए गए। बताया जा रहा है कि एक समूह में ही 23 हजार से ज्यादा लोग जुड़े थे। हालांकि, जिले और आसपास के इलाकों में कुल निवेशकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एप अपडेट का बहाना, फिर रकम माइनस होने लगी 14 अक्टूबर से कंपनी ने निवेशकों को भुगतान करना बंद कर दिया। शुरुआत में लोगों को एप के अपडेट का इंतजार करने को कहा गया। बताया गया कि एप डेवलप किया जा रहा है और जल्द इसे प्ले स्टोर पर उपलब्ध कराया जाएगा। अब तक एप क्रोम के जरिए डाउनलोड होता है। इसके बाद 24 अक्टूबर तक निवेशकों को साइबर अटैक वाले मैसेज भेजे गए और फिर खातों में जमा रकम माइनस में दिखने लगी। धीरे-धीरे एप बंद ही हो गया। निवेशकों को लगा कि उनके साथ ठगी हुई है तो वे शिकायत करने थाने पहुंचने लगे। निवेशकों का दावा है कि भिंड और आसपास के इलाकों से करोड़ों रुपए जुटाए गए हैं। रकम डूबी तो जवाब देना मुश्किल ऑरोरा एक्स में निवेश करने वालों में कई ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अपनी जमा पूंजी के साथ परिवार की बचत भी लगा दी। भिंड के बरही निवासी वीर सिंह यादव ने अपनी बहनों से सवा लाख रुपए उधार लेकर कंपनी में निवेश किया था। उन्हें रोज तीन हजार रुपए कमाई होने का दावा किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें कोई पैसा नहीं मिला। भुगतान बंद होने के बाद उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत आवेदन भी दिया। इसके बावजूद उन्हें अपनी रकम के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है। अब उनकी बहनें भी उधार दिए पैसे वापस मांग रही हैं। वीर सिंह के सामने दोहरी परेशानी है। एक तरफ वह अपनी निवेश की रकम वापस पाने के लिए भटक रहे हैं। दूसरी तरफ परिवार के लोगों को जवाब देना पड़ रहा है। निवेशकों को रकम वापसी का इंतजार पुलिस के पास अब तक 8-10 लिखित शिकायतें मिली हैं। आरोपियों के मोबाइल एक महीने से बंद हैं। फिलहाल, ऑरोरा एक्स में पैसा लगाने वाले लोग अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं। नीतेश को इस फ्रॉड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। संजय और लेपा उसके गुर्गे थे।
