जिले के आंतरी गांव में पिछले कई दिनों से सामने आ रही रहस्यमयी आग लगने की घटनाओं ने ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है। एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में अलग-अलग समय पर बिना किसी स्पष्ट कारण के कपड़ों, बिस्तरों और खाद्य सामग्री में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। लगातार हो रही इन घटनाओं से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन द्वारा जांच के दौरान मकानों के कुछ हिस्सों को सील किए जाने के बाद फिलहाल आग लगने की घटनाएं रुक गई हैं। एक ही परिवार के पांच घर हुए प्रभावित आंतरी गांव निवासी कल्याण सिंह बघेल, सेवाराम बघेल, कामता प्रसाद बघेल, महेंद्र बघेल और लक्षीराम बघेल के घरों में यह घटनाएं हुईं। परिजनों के अनुसार सबसे पहले कल्याण सिंह के घर में कपड़ों और बिस्तर में अचानक आग लगी। इसके बाद सेवाराम बघेल के घर में रखी खाद्य सामग्री जल गई। देखते ही देखते पांचों भाइयों के घरों में अलग-अलग स्थानों पर इसी तरह आग लगने की घटनाएं होने लगीं। डर के कारण घर छोड़ खुले में सोने लगे लोग परिवार का कहना है कि आग लगने के समय न तो बिजली के शॉर्ट सर्किट जैसी कोई स्थिति थी और न ही चूल्हा या गैस जल रही थी। इसके बावजूद अचानक सामान में आग लग जाती थी। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार मानसिक तनाव में आ गया और सुरक्षा के लिए रात में घरों के बाहर खुले में सोने तथा पहरा देने को मजबूर हो गया। अंधविश्वास की चर्चा, लेकिन प्रशासन ने किया खारिज घटनाओं के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास, भूत-प्रेत या जादू-टोने से जोड़कर देखा। परिवार ने भी विभिन्न स्तर पर पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराए, लेकिन घटनाओं का सिलसिला नहीं थमा। हालांकि प्रशासन ने शुरुआत से ही किसी भी तरह के अंधविश्वास को स्वीकार नहीं किया और वैज्ञानिक जांच पर जोर दिया।… देखिए घर में आग की तस्वीरें… एफएसएल ने लिए सैंपल, जांच जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से विभिन्न सैंपल एकत्र किए गए और जांच के लिए भेजे गए। एहतियात के तौर पर गांव में पानी का टैंकर तैनात किया गया तथा फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रखा गया। जांच के दौरान मकानों के कुछ हिस्सों को सील कर दिया गया। इसके बाद से आग लगने की नई घटना सामने नहीं आई है, जिससे यह पहलू भी जांच का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले पर नजर रखे हुए वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में आग लगने की घटनाएं बंद हैं, लेकिन मकानों को सील किए जाने के बाद अचानक घटनाएं थम जाने को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। प्रशासन लोगों से अफवाहों और अंधविश्वास पर ध्यान न देने तथा जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील कर रहा है। ये खबर भी पढ़ें… पांच भाइयों के घरों में अचानक जल रहा सामान ग्वालियर से 30 किलोमीटर दूर डबरा के आंतरी गांव में एक रहस्यमयी आग की घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव में दहशत फैला दी है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में पिछले कई दिनों से बिना किसी स्पष्ट कारण के आग लग रही है, जिससे कपड़े, बिस्तर और खाने का सामान अपने आप जल जा रहा है।पूरी खबर पढ़ें
