केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन गुरुवार को विदिशा में ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। जन्मदिन मनाने पत्नी साधना सिंह के साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह विदिशा पहुंचे। उन्होंने यहां पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सहायता और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े पांच बड़े संकल्प लिए। रवींद्रनाथ टैगोर संस्कृति भवन पहुंचकर मामा कोचिंग क्लासेस की शुरुआत की। बच्चों के फार्म भरने शुरु किए हैं। इस पहल के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा पेड़ जीने और पेट भरने, बच्चों, कीट-पतंगों के लिए जरूरी है। अब जानिए क्या हैं शिवराज के पांच संकल्प
स्वागत में माला, गुलदस्ते और गिफ्ट नहीं
केन्द्रीय मंत्री ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा है कि, इस बार उनके जन्मदिन पर कोई भी होर्डिंग, शॉल या बुके न लाया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि यदि कोई उन्हें शुभकामना देना चाहता है, तो वह एक पौधा अवश्य लगाए। धरती माता को बचाने के इस पुण्य अभियान में मेरा साथ दें, आने वाली पीढ़ी के लिए जीवन सुरक्षित करना ही मेरा सबसे बड़ा उपहार होगा। वहीं पौधे लगाने वाले लोग एक क्यू आर कोड के जरिए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे। माता पिता की स्मृति में प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान
शिवराज सिंह चौहान ने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। विदिशा लोकसभा की आठों विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को ₹51,000, ₹31,000 और ₹21,000 की सम्मान राशि दी जाएगी। लोकसभा स्तर पर प्रथम तीन स्थान पाने वालों को विशेष बड़े पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। मामा चलित अस्पताल
विदिशा संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी आठों विधानसभाओं में मामा चलित अस्पताल शुरू किए जाएंगे। इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं और योग्य डॉक्टरों की टीम होगी, जो गांव-गांव और मजरे-टोलों में जाकर निशुल्क इलाज और परामर्श देगी। मामा चलित अस्पताल का संचालन पूर्ण रूप से सांसद निधि और जनसहयोग से किया जाएगा। मामा कोचिंग क्लासेस
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने जन्मदिन पर विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री विदिशा क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए मामा कोचिंग क्लास, प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान और मामा चलित अस्पताल जैसी अभियानों का शुभारंभ करेंगे। विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए उन्होंने ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत करने की घोषणा की है। इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरुंदा से होगी। यहां बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी। दिव्यांगों को गिफ्ट करेंगे मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक विशेष पहल तेज कर दी है। इस अभियान के तहत क्षेत्र में दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की जा रही है, ताकि उनकी दैनिक आवाजाही सुगम हो सके और वे बिना किसी पर निर्भर हुए अपने कार्य कर सकें।
