मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा में मेल-मुलाकातों से गरमाई सियासत
मध्य प्रदेश भाजपा की सियासत में इन दिनों मेल-मुलाकातों का मौसम चल रहा है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक नेताओं की मुलाकातों की तस्वीरें सामने आ रही हैं और हर तस्वीर अपने पीछे सियासी कहानी तलाश रही है। अब विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात की। इधर, मामा जी यानी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर प्रदेश के भाजपा सांसदों का जमावड़ा लगा। वहीं भोपाल में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात की। इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद वीडी शर्मा दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मिल चुके हैं। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मिल चुके हैं। अब बारिश के मौसम में हो रही इन मुलाकातों ने मध्य प्रदेश भाजपा की सियासत का पारा चढ़ा दिया है। सियासी गलियारों में कयासबाजी का दौर चल रहा है और हर मुलाकात के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि किस नेता की किससे क्या बात हुई, ये किसी ने खुलकर नहीं बताया। लेकिन सियासत में तस्वीरें अक्सर बहुत कुछ कह देती हैं। लिहाजा, चर्चाएं हैं कि भाजपा में कुछ मंथन जरूर चल रहा है। सियासी गलियारों में तो यहां तक कहा जा रहा है कि कुछ तो खिचड़ी पक रही है। ‘सांसद के बयान के लिए जनता जिम्मेदार’
‘आंदोलन हो रहा है- एथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा। शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?’ रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के इस बयान पर भले ही भाजपा ने उनकी घेराबंदी कर दी हो, लेकिन कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा इस मामले में अलग ही राग अलाप रहे हैं। अभय मिश्रा ने सांसद के बयान के लिए सीधे जनता को ही जिम्मेदार ठहरा दिया। उन्होंने कहा- एक गाना है, ‘जो तुमको हो पसंद, वही बात करेंगे।’ सांसद ने भी वही बात कही, जो जनता को पसंद है। अभय मिश्रा ने कहा कि जनता ने तीन बार जनार्दन मिश्रा को वोट देकर सांसद बनाया है, इसलिए वे सांसद के बयान के लिए जनता को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जनता को यही पसंद है और जनता इसी लायक है। भाजपा विधायक ने खोली भ्रष्टाचार की पोल
सतना के चित्रकूट क्षेत्र में सड़कों की बदहाली को लेकर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारी से सवाल किया- विधायक मर जाएं या उनके पांच साल पूरे हो जाएं, तब सड़कें बनेंगी क्या? विधायक ने आरोप लगाया कि पिछले चार साल में चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के लिए करीब 1100 करोड़ रुपए की सड़कों को मंजूरी मिली है। इनमें कई सड़कें निर्माण के कुछ समय बाद ही खराब होने लगीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सड़कों का काम कागजों में पूरा दिखा दिया गया, लेकिन मौके पर निर्माण नजर नहीं आता। विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी में भी लापरवाही का आरोप लगाया। अब विधायक के इस गुस्से के अपने ही मायने हैं। क्योंकि सवाल विपक्ष नहीं, खुद भाजपा विधायक अपनी ही सरकार के सिस्टम पर उठा रहे हैं। और अब अंदर की बात.. सरकार की मंजूरी के बिना कर्मचारी की भर्ती
मध्य प्रदेश में कुछ विभाग तो ऐसे हैं, जहां लगता है कि सरकार की मर्जी चल ही नहीं रही। ऐसे ही एक विभाग में सरकार की मंजूरी के बिना एक आउटसोर्स कर्मचारी की भर्ती कर ली गई। पहले यहां इसी कर्मचारी की तय प्रक्रिया के तहत एक्सपर्ट इंजीनियर के तौर पर नियुक्ति हुई थी। बाद में सरकार को लगा कि इस पद की जरूरत ही नहीं है, तो उसकी संविदा नियुक्ति खत्म कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह कर्मचारी उच्च पद पर बैठे एक अफसर का बेहद करीबी है। लिहाजा, अफसर ने इसकी बैकडोर एंट्री करवा दी। मजेदार बात यह है कि इसकी फाइल वल्लभ भवन तक पहुंची ही नहीं, जबकि किसी भी नियुक्ति के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होती है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिलाष मिश्रा (रीवा), प्रशांत द्विवेदी (सतना) ये भी पढ़ें –
मंत्री का दर्द छलका, बोले-हम तो लूप लाइन में हैं: सरकारी गाड़ी में अफसर की सीट पर बैठा कुत्ता मंत्री तुलसी सिलावट का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि हम तो लूप लाइन में हैं। यह वीडियो दतिया उपचुनाव के नतीजे आने से पहले का है। वे ग्वालियर में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। हालांकि, किसी भी मुद्दे पर अपनी बात साझा करने से इनकार कर देते हैं। पूरी खबर पढ़ें
