शिवपुरी के नमो नगर में मंगलवार देर शाम तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया। करीब एक से दो घंटे की बारिश के बाद गलियों और मकानों के आसपास घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, नमो नगर में थोड़ी देर की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। कॉलोनी में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। लोगों का आरोप है कि नालियों पर अतिक्रमण के कारण भी पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। जलभराव के वीडियो से उठे सवाल
जलभराव के वीडियो सामने आने के बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया। शर्मा ने कलेक्टर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने सीएमओ से यह भी पूछा कि क्या कोई बाढ़ प्रभारी नियुक्त किया गया है। यदि ऐसा है तो उसका मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि लोग आपात स्थिति में संपर्क कर सकें। धैर्यवर्धन शर्मा ने कहा कि जलभराव से लोगों के आवागमन में परेशानी होती है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने गंदा पानी पाइपलाइन में पहुंचने और सीवर चोक होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले ही जल निकासी की व्यवस्था की जानी चाहिए। सीएमओ बोले- टीम भेजी, पानी निकासी का काम जारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर ने बताया कि नमो नगर में जलभराव की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम पानी की निकासी की व्यवस्था कर रही है।
