Homeदेशशहीद जितेंद्र शर्मा का कॉफिन परिजनों के सामने नहीं खुलेगा:मां अभी भी...

शहीद जितेंद्र शर्मा का कॉफिन परिजनों के सामने नहीं खुलेगा:मां अभी भी बेखबर, बहनें चाचा के घर पहुंचीं; असम विमान हादसे में हुई थी मौत

असम में विमान हादसे में अलीगढ़ के जितेंद्र शर्मा शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर आज (सोमवार) दोपहर करीब 2 बजे गांव पहुंचेगा। सीओ खैर संजीव कुमार तोमर ने परिजन को बताया कि अधिकारियों से बातचीत हुई है। शहीद जितेंद्र के कॉफिन को नहीं खोला जाएगा। उधर, बेटे की शहादत की खबर से उनकी 72 वर्षीय मां राजेश्वरी अब भी बेखबर हैं। उन्हें घर में अकेले रखा गया है, क्योंकि वह लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित हैं। वहीं, बहनें और भाई गांव पहुंच गए हैं। वे लोग चाचा के घर पर रुके हुए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शहीद जितेंद्र शर्मा के जयकारे लग रहे हैं। जगह-जगह बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें लिखा है- ‘शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा।’ दरअसल, शनिवार सुबह करीब 10 बजे भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में जितेंद्र समेत चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। पहले जानिए कौन थे सार्जेंट जितेंद्र शर्मा अलीगढ़ के गांव सालपुर निवासी जितेंद्र शर्मा सात भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। परिवार में उनकी मां राजेश्वरी देवी और दो बड़े भाई रमाकांत व भूपेंद्र साथ रहते हैं। उनका चयन 1 जनवरी 2015 को भारतीय वायुसेना में हुआ था। करीब 11 वर्षों तक उन्होंने देश की सेवा की। उन्होंने टप्पल क्षेत्र के डीआरजी इंटर कॉलेज, धनीपुरा कुराना से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद अलीगढ़ में कोचिंग कर भारतीय वायुसेना में चयनित हुए थे। जितेंद्र के पिता कालीचरण उर्फ करुआ शर्मा का करीब 12 वर्ष पहले निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद मां राजेश्वरी देवी ने ही सभी बच्चों का पालन-पोषण किया। परिजन ने बताया कि जितेंद्र हाल ही में छुट्टी पर गांव आए थे और 5 जून को ड्यूटी पर लौटे थे। घर में उनकी शादी की तैयारियों को लेकर भी चर्चा चल रही थी। उन्होंने विवाह के लिए एक लड़की भी देखी थी और परिवार जल्द ही शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने वाला था। लेकिन इससे पहले ही हादसे में उनकी मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। अलीगढ़ के शहीद सार्जेंट जितेंद्र शर्मा से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लाग से गुजर जाइए…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here