रीवा में कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत का मामला लगातार चर्चा में है। अब भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे मामले का संज्ञान ले रहे हैं और दो दिन के भीतर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत बेहद दुखद घटना है। सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री खुद पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में कार्रवाई सामने आएगी। विधायक ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार की मांगों और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को गंभीरता से देख रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। परिवार कार्रवाई और एफआईआर की मांग कर रहा कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की 26 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में मौत हुई थी। इसके बाद परिवार ने अस्पताल में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और एफआईआर की मांग की। कल्पना के पिता लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में घटना से जुड़े दस्तावेज, ड्यूटी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की जयंती सादगी से मनाएंगे वहीं, रीवा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी की जयंती को लेकर भी सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जयंती का कार्यक्रम होगा, लेकिन इस बार इसे उत्सव के रूप में नहीं मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल्पना मिश्रा की मौत के कारण इस बार जयंती का कार्यक्रम सादगी से होगा।
