मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने थाली बजाकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार का बजट आम लोगों के लिए निराशाजनक है और यह केवल “ख्याली पुलाव” है। जिसमें हर वर्ग के साथ धोखा हुआ है। इससे पहले सोमवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अपने अभिभाषण में मोहन यादव सरकार की योजनाओं और उनसे प्रदेश में आए बदलावों का उल्लेख किया था। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में मध्यप्रदेश की भूमिका, उद्योगों के अनुकूल माहौल, भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, 2047 तक राज्य को 2 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य, 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने, पीएम जनमन योजना के तहत 1.35 लाख आवास, उज्जैन में शिप्रा नदी शुद्धिकरण और नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन का जिक्र किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा था कि देश उस दौर में है जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “अमृत काल” कहा है। भाषण के दौरान विपक्ष ने नल-जल योजना और इंदौर में दूषित पानी से मौतों का मुद्दा उठाते हुए नारेबाजी की, लेकिन राज्यपाल ने अपना संबोधन जारी रखा। राज्यपाल के जाने के बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई, जहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जो अंश पढ़ा नहीं जा सका, उसे पढ़ा हुआ माना जाएगा। इसके बाद कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित कर दी गई थी। जानिए, 3 दिन क्या-क्या हुआ पहला दिन: हंगामेदार शुरुआत मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की सोमवार से हंगामेदार शुरुआत हुई। कार्यवाही के प्रारंभ में संपूर्ण छह छंदों में वंदे मातरम् का गायन हुआ, जिसके बाद राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने अपना अभिभाषण दिया। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके बाद कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई। दूसरा दिन: अनुपूरक बजट…पानी, कफ-सिरप पर हंगामा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया। यह बजट 19 हजार 287 करोड़ 32 लाख रुपए का है, जिस पर 23 फरवरी को चर्चा होगी। इसके साथ ही सदन में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया गया। तीसरा दिन: 8वीं तक टेट्रा पैक दूध फ्री…15,000 शिक्षकों की भर्ती वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को डॉ. मोहन यादव सरकार का तीसरा बजट पेश किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 का ये बजट 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपए का है। देवड़ा ने करीब 1 घंटे 30 मिनट का बजट भाषण दिया। 6 मार्च तक चलेगा सत्र सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ। सत्र के लिए कुल 3478 प्रश्नों की विधानसभा को सूचनाएं, 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प पेश होंगे। शून्य काल में विधानसभा में 83 सवाल होंगे। 3 तस्वीरों में देखें विधानसभा में विपक्ष का प्रदर्शन
