मध्य प्रदेश में नौ दिन की देरी से मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही विदिशा जिले में भी मौसम का मिजाज बदल गया। बुधवार शाम को आसमान में बादल छाए और बूंदाबांदी के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और शहर की सड़कें भीग गईं। मानसून के देर से पहुंचने के कारण पिछले कई दिनों से लोग तेज गर्मी और उमस का सामना कर रहे थे। बारिश नहीं होने से कृषि कार्य और खरीफ फसलों की बुवाई भी प्रभावित हो रही थी। अब जिले में बारिश का सिलसिला शुरू होने से किसानों में नई उम्मीद जगी है। बारिश से कृषि कार्यों को मिली रफ्तार किसानों के अनुसार, शुरुआती बारिश से खेतों में नमी बनने लगी है, जिससे धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों ने गति पकड़ ली है। किसानों को अब लगातार और अच्छी बारिश का इंतजार है, ताकि खेत पूरी तरह तैयार हो सकें और इस सीजन में बेहतर उत्पादन मिल सके। बीते 24 घंटे में औसत वर्षा जिले में 10.4 मिमी रही। सर्वाधिक 52 मिमी बारिश नटेरन में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शमशाबाद में 15 मिमी, बासौदा में 12.6 मिमी, सिरोंज में 11 मिमी और गुलाबगंज में 10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
