सऊदी अरब के 29 साल के राजकुमार अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की लंदन के एक लग्जरी होटल में पिछले साल मौत हो गई थी। अब जांच में सामने आया कि उनकी मौत शराब, पार्टी ड्रग और डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं के घातक मिश्रण के कारण हुए कार्डियक अरेस्ट से हुई। राजकुमार 19 नवंबर को लंदन के मैरियट होटल, केंसिंग्टन में ठहरे थे। 25 नवंबर को होटल की पांचवीं मंजिल पर स्थित उनके कमरे के बाथरूम में उनका शव मिला। मौत से एक शाम पहले उन्हें होटल के सीसीटीवी में आखिरी बार जिंदा देखा गया था। इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट में हुई सुनवाई में असिस्टेंट कोरोनर जीन हार्किन ने इस मौत को ‘मिसएडवेंचर’ यानी अनजाने में हुई घातक घटना बताया। कोर्ट को ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि राजकुमार ने आत्महत्या की योजना बनाई थी। टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमार के खून में अल्कोहल का स्तर 222 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर था, जो इंग्लैंड में ड्रिंक एंड ड्राइव की कानूनी सीमा से करीब तीन गुना अधिक है। विशेषज्ञों ने कोर्ट को बताया कि सिर्फ इतनी मात्रा में शराब भी किसी व्यक्ति को कोमा में पहुंचाने के लिए पर्याप्त हो सकती है। जांच में यह भी सामने आया कि राजकुमार करीब 600 यूरो प्रति रात किराए वाले इस होटल में एक सप्ताह के लिए ठहरे थे। कोर्ट को यह भी बताया गया कि उन्हें लंबे समय से शराब के दुरुपयोग और प्रिस्क्रिप्शन दवाओं पर निर्भरता की समस्या थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… BRICS समिट के लिए भारत ने बांग्लादेश के PM तारिक रहमान को न्योता भेजा BRICS समिट 2026 के लिए भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया है। यह समिट 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होगी, जिसमें वैश्विक सहयोग, व्यापार और सतत विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने निमंत्रण मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि इसे प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दिया गया है। बांग्लादेश BRICS का सदस्य नहीं है, लेकिन भारत ने उसे विशेष अतिथि के रूप में बुलाया है। इसे दक्षिण एशिया में सहयोग और आपसी भरोसा बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इधर, भारत ने करीब दो साल बाद बांग्लादेशी नागरिकों के लिए सामान्य टूरिस्ट वीजा सेवा भी फिर से शुरू कर दी है। भारतीय हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सामान्य यात्रा वीजा के आवेदन दोबारा स्वीकार किए जाएंगे। विश्लेषकों के अनुसार, BRICS समिट का निमंत्रण और वीजा सेवा की बहाली दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मक बदलाव का संकेत हैं।
हिटलर के जन्मस्थान को बनाया गया पुलिस स्टेशन, ऑस्ट्रिया बोला- नव-नाजियों का अड्डा नहीं बनने देंगे जर्मनी की सीमा के पास ऑस्ट्रिया के ब्राउनाउ एम इन शहर में स्थित तानाशाह एडॉल्फ हिटलर के जन्मस्थान को अब पुलिस स्टेशन में बदल दिया गया है। बुधवार से इस इमारत ने आधिकारिक तौर पर नई भूमिका शुरू कर दी। ऑस्ट्रिया सरकार का कहना है कि इसका मकसद इस जगह को नव-नाजी समर्थकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने से रोकना है। यह इमारत कई वर्षों तक निजी स्वामित्व में रही। यहां दिव्यांग लोगों के लिए काम करने वाली एक चैरिटी संस्था भी संचालित होती थी। लंबे कानूनी विवाद के बाद ऑस्ट्रिया सरकार ने 2017 में इस इमारत का अधिग्रहण किया और 2019 में इसे पुलिस स्टेशन में बदलने का फैसला लिया था। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय के इतिहास विभाग के प्रमुख स्टीफन म्लचोज ने कहा कि इस बदलाव का उद्देश्य इमारत को हिटलर की पहचान से अलग करना और उससे जुड़ी किसी भी तरह की रहस्यमयी या प्रतीकात्मक छवि को खत्म करना है। इमारत के बाहर अब केवल ‘Police’ लिखा हुआ है। वहीं, फुटपाथ पर माउथहाउसन कॉन्सन्ट्रेशन कैंप से लाया गया स्मारक पत्थर अब भी मौजूद है, जिस पर ‘फासीवाद फिर कभी नहीं’ लिखा है। हालांकि, उस पर हिटलर का नाम कहीं दर्ज नहीं है। बाल सुरक्षा कानूनों के समर्थक स्विस नेता पर नाबालिग से रेप का आरोप
स्विट्जरलैंड में बाल सुरक्षा से जुड़े कई कानूनों का समर्थन कर चुके दक्षिणपंथी नेता पैट्रिक फ्राई पर नाबालिग से रेप समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। अभियोजकों ने 57 साल के पूर्व स्विस पीपुल्स पार्टी नेता के लिए उम्रकैद की मांग की है। आरगाउ पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के मुताबिक, फ्राई पर अपनी पार्टनर और उसकी नाबालिग बेटी को कथित तौर पर नशीली दवा देकर व्यवस्थित रूप से यौन शोषण करने का आरोप है। उन पर एक अन्य वयस्क महिला को नशीली दवा देने और उसका रेप करने का भी आरोप है। अभियोजकों के मुताबिक, पीड़ितों को दी गई नशीली दवाओं के कारण उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। अभियोजन कार्यालय ने कहा कि इन पदार्थों के इस्तेमाल से पीड़ित कभी भी दम घुटने की वजह से मर सकते थे। अभियोजकों का आरोप है कि फ्राई ने पीड़ितों की संभावित मौत को स्वीकार किया था। इसी आधार पर उन पर हत्या की कोशिश के कई मामले भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस जांच 2023 में शुरू हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नाबालिग लड़की की मां ने कथित तौर पर नेता को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद पुलिस को फोन किया था। इसके कुछ समय बाद फ्राई को गिरफ्तार कर लिया गया। वह तब से हिरासत में है। अभियोजकों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को कथित अपराधों से जुड़े कई सबूत मिले, जिनमें पोर्नोग्राफिक वीडियो और तस्वीरें भी शामिल हैं। करीम खान को ICC अभियोजक पद से हटाने पर आज वोटिंग:125 में से 63 देशों का समर्थन जरूरी
इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के सदस्य देश शुक्रवार को मुख्य अभियोजक करीम खान को पद से हटाने पर वोट करेंगे। खान पर यौन दुराचार के आरोप हैं। वे इन आरोपों से इनकार करते हैं। 56 साल के खान को मई 2025 से जांच पूरी होने तक स्वैच्छिक अवकाश पर रखा गया था। जून से वे निलंबित हैं। ICC की गवर्निंग बॉडी के फैसले के बाद अब उन्हें हटाने के लिए गुप्त मतदान होगा। ICC की गवर्निंग बॉडी के अधिकारियों के मुताबिक, खान को इसलिए हटाया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने एक जूनियर स्टाफ सदस्य के साथ अनुचित यौन संबंध बनाकर गंभीर दुराचार किया। वोटिंग भारतीय समय के अनुसार रात करीब 12:30 बजे शुरू होने की संभावना है। परिणाम रात करीब 3 बजे घोषित होने की उम्मीद है। फ्रांस ने गुरुवार को कहा कि वह खान को हटाने के पक्ष में वोट करेगा। नीदरलैंड्स ने भी उनके निष्कासन का समर्थन करने की बात कही है। नीदरलैंड्स में ही ICC का मुख्यालय है।
