Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, 2 पुलिसकर्मियों समेत 7 की...

वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, 2 पुलिसकर्मियों समेत 7 की मौत, 23 घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में मंगलवार को ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में 2 पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक ब्लास्ट सराय नौरंग तहसील के एक व्यस्त चौराहे पर हुआ। यहां ट्रैफिक पुलिस वार्डन बन्नू और डेरा इस्माइल खान के बीच ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे थे। लक्की मरवत पुलिस के प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि विस्फोटकों से भरा लोडर रिक्शा वहां खड़ा था या किसी आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। बम निरोधक दस्ता ब्लास्ट के नेचर का पता लगाने में जुटा है। मृत पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में हुई है। दोनों के शव तहसील हेडक्वार्टर अस्पताल भेजे गए हैं। घायलों में एक किशोरी और एक महिला भी शामिल हैं। कुछ घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई दुकानों और थ्री-व्हीलर वाहनों को नुकसान पहुंचा दिखाई दिया। ब्लास्ट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने इलाके को घेरकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए। शनिवार रात बन्नू के फतेह खेल पुलिस पोस्ट पर आत्मघाती हमले में 15 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने अफगान चार्जे डी अफेयर्स को तलब कर कहा था कि जांच में हमले के तार अफगानिस्तान में मौजूद आतंकियों से जुड़े मिले हैं। ब्लास्ट के बाद घटनास्थल का वीडियो… अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… मेक्सिको की ऑयल रिफाइनरी में आग लगी; 6 लोग घायल मेक्सिको की सरकारी तेल कंपनी पेमेक्स ने कहा है कि ओआक्साका स्थित सालिना क्रूज रिफाइनरी में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। पेमेक्स के मुताबिक आग सालिना क्रूज रिफाइनरी के हिड्रोस-2 प्लांट में लगी। यह हादसा उस समय हुआ जब कूलिंग टावर को चालू करने का काम चल रहा था। कंपनी ने कहा कि हादसे में घायल हुए सभी 6 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें 3 पेमेक्स कर्मचारी हैं, जबकि 3 लोग बाहरी कंपनी के कर्मचारी बताए गए हैं। पेमेक्स ने कहा कि हादसे से आसपास की आबादी को किसी तरह का खतरा नहीं है। कंपनी के मुताबिक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। पेमेक्स ने फिलहाल यह नहीं बताया है कि हादसे का रिफाइनरी के ऑपरेशन पर कितना असर पड़ा है। कंपनी ने इस मामले में अतिरिक्त टिप्पणी करने से इनकार किया। प्रधानमंत्री मोदी 15 मई को 5 देशों के दौरे पर रवाना होंगे; ईरान जंग के बीच पहले UAE पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक UAE, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर जाएंगे। ANI के मुताबिक ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच उनका पहला पड़ाव UAE होगा, जहां ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा होने की संभावना है। PM मोदी 15 मई को UAE पहुंचेंगे और राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। बैठक में ऊर्जा सहयोग, क्षेत्रीय हालात और भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा होगी। UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और वहां 45 लाख से ज्यादा भारतीय रहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ा है। भारत की तेल सप्लाई और ऊर्जा सुरक्षा को देखते हुए इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। PM मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री रॉब जेटन, किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। बैठकों में रक्षा, सुरक्षा, ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर और जल साझेदारी पर चर्चा होगी। PM मोदी 17-18 मई को स्वीडन और 18-19 मई को नॉर्वे जाएंगे। नॉर्वे के ओस्लो में 19 मई को तीसरा इंडिया-नॉर्डिक समिट आयोजित होगा। इस समिट में ग्रीन ट्रांजिशन, ब्लू इकॉनमी, रक्षा, स्पेस और नई टेक्नोलॉजी पर चर्चा होगी। दौरे के आखिरी चरण में PM मोदी 19-20 मई को इटली जाएंगे। वहां वह प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से मुलाकात करेंगे। बैठकों में भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, रक्षा सहयोग और स्वच्छ ऊर्जा पर चर्चा होगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here